हकेंवि में बी टेक विद्यार्थियों का धरना खत्म
महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि), महेंद्रगढ़ में जारी बी.टेक. विद्यार्थियों का धरना शुक्रवार दोपहर खत्म हो गया। इससे पहले विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरसी कुहाड़ एवं पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल की मौजूदगी में विद्यार्थियों की समस्याओं पर चर्चा हुई। इस दौरान विद्यार्थियों ने कुलपति से क्षमा भी मांगी। वहीं कुलपति ने निलंबित विद्यार्थियों का निलंबन निरस्त करने का आदेश दिया। सभी विद्यार्थियों ने कुलपति को आश्वासन दिलाया कि वे भविष्य में अनुशासन में रहकर अपने अध्ययन पर ध्यान देंगे। बैठक में छेड़छाड़ मामले को लेकर सिक्योरिटी ऑफिसर को सस्पेंड करने का निर्णय लिया गया और जांच के लिए पांच सदस्यों की टीम गठित की गई।
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में बीटेक के विद्यार्थियों का धरना प्रदर्शन शुक्रवार को दोपहर 11 बजे तक जारी रहा। इस दौरान विद्यार्थियों ने शैक्षणिक ब्लॉक बंद किए हुए थे। दोपहर 11 बजे पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल कानून व्यवस्था देखने के लिए विवि में पहुंचे जहां पर कुलपति आरसी कुहाड़ से बातचीत की। इसके बाद विद्यार्थियों के साथ कुलपति आरसी कुहाड़ एवं पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने विद्यार्थियों के साथ डेढ़ घंटे मीटिंग की और विद्यार्थियों की समस्याओं को सुना। इस दौरान कुलपति आरसी कुहाड़ ने विद्यार्थियों को समस्याओं का समाधान जल्द कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे अब स्वयं बी.टेक. विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न विषयों की मॉनीटरिंग करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से उम्मीद है कि वे अब विश्वविद्यालय में अनुशासन बनाए रखेंगे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने सभी विद्यार्थियों को अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी और उन्हें कानूनी पहलुओं से अवगत कराया। इसके बाद विद्यार्थियों ने कुलपति के हाथों जूस पीकर अपना धरना एवं हड़ताल खत्म की। प्रशासन के साथ इस बैठक बाद विद्यार्थियों ने स्वयं शैक्षणिक खंड को खाली कर दिया और वहां लगाए गए पोस्टरों को भी स्वत: ही हटा दिए।
बाक्स:
सिक्योरिटी ऑफिसर को किया सस्पेंड:
विद्यार्थियों ने मीटिंग में अपनी समस्याओं के साथ छात्रा के साथ हुई छेड़खानी के मामले को उठाया । इसके अलावा सिक्योरिटी ऑफिसर को सस्पेंड करने और बृहस्पतिवार को विवि द्वारा सस्पेंड किए गए 13 विद्यार्थियों को बहाल करने की मांग भी की। बैठक के दौरान छात्रा ने कुलपति आरसी कुहाड़ को सिक्योरिटी ऑफिसर के खिलाफ अपनी शिकायत भी दी। उनकी शिकायत पर सिक्योरिटी ऑफिसर को सस्पेंड करने का निर्णय लिया गया। इस मामले की जांच के लिए पांच सदस्यों की कमेटी भी गठित की गई है। इस कमेटी में दो प्रोफेसर हकेंविवि से, दो प्रोफेसर अन्य विवि के शामिल होंगे जबकि एक महिला पुलिस कर्मचारी भी टीम का हिस्सा होंगी। टीम की चेयरपर्सन दिल्ली विश्वविद्यालय की पूर्व प्रोक्टर सतवंती कपूर होंगी। यह टीम मामले की जांच कर सात दिन में कुलपति को रिपोर्ट सौंपेंगी। जांच में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बाक्स:
ये था मामला:
आपको बता दें कि हकेंविवि बीटेक के विद्यार्थियों ने लैब, लाइब्रेरी तथा फैकल्टी को लेकर 9 अप्रैल से धरना प्रदर्शन शुरू किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी दस सूत्रीय मांगों को लेकर अलग-अलग विद्यार्थियों ने तीन दिन तक भूख हड़ताल भी की। भूख हड़ताल के कारण कुछ बच्चे बीमार भी हो गए थे। विद्यार्थियों को डीन, प्रोक्टर, रजिस्ट्रार तथा कुलपति से उनकी मांगों को लेकर आश्वासन दे दिया गया था। उसके बाद भी वो धरने पर बैठे रहे। शुक्रवार को कुलपति ने उनकी सभी मांगों का जल्द से जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया उसके बाद विद्यार्थियों ने धरना खत्म किया।
वर्जन:
छेड़छाड़ और बदसलूकी के मामले के लिए कमेटी का गठन किया गया। गठित कमेटी मामले की जांच कर एक सप्ताह के अंदर अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी। जांच में जो भी दोषी पाया जायेगा उसके खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।
-आरसी कुहाड़, कुलपति, हकेंविवि।
वर्जन:
मैं तो वहां कानून व्यवस्था चैक करने के लिए गया था। वहां पर कुलपति के साथ मिलकर विद्यार्थियों की समस्या को ध्यान से सुना। उनकी सभी मांगों को कुलपति ने मान लिया था। इसके बाद उन्होंने अपना धरना खत्म कर दिया। छेड़छाड़ मामले में सिक्योरिटी ऑफीसर को सस्पेंड करने का निर्णय लिया गया था तथा जांच के लिए कमेटी का गठन किया गया है।
-कमलदीप गोयल, पुलिस अधीक्षक, महेंद्रगढ़