अमर उजाला खास
लोगों की सोच बदलने को एमए की छात्रा ने किया व्यवसायिक लाइसेंस के लिये आवेदन
- पहले दिन ट्रेनिंग स्कूल ने आईएमटी रोड पर छात्रा को दी बस चलाने की ट्रेनिंग, छात्रा बोली - रेल और जहाज चलाने की भी है इच्छा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
लोगों की लड़कियों के प्रति सोच बदलने के लिये चमारिया गांव की एमए की छात्रा ने व्यवसायिक लाइसेंस के लिए आवेदन किया है। शनिवार को छात्रा की बस चलाने की ट्रेनिंग भी शुरू करा दी गई। छात्रा का सपना भविष्य में प्लेन और रेल चलाने का भी है।
मूल रुप से चमारियां गांव निवासी मीना हुड्डा पुत्री रमेश हुड्डा वर्तमान में अपने परिजनों के साथ रोहतक की एकता कॉलोनी में रह रही है। मीना ने बताया कि उसके पिता की कई साल पूर्व आकस्मिक मौत हो गई थी। वह एमडीयू से एमए कर रही है। हाल ही में मीना ने वाहनों के व्यवसायिक लाइसेंस के लिये आवेदन किया। हरियाणा ट्रेनिंग स्कूल के इंचार्ज हरीश कुमार ने शनिवार से ही छात्रा को आईएमटी रोड पर बस चलाने की ट्रेनिंग करनी शुरू करा दी। छात्रा को बस चलाते देखकर हर कोई हतप्रभ था। मगर हर कोई छात्रा के जज्बे को भी सलाम कर रहा था।
छात्रा ने बताया कि उसने इसलिये व्यवसायिक लाइसेंस के लिए आवेदन किया है, क्योंकि लोगों में सोच है कि लड़कियां बस या ट्रक नहीं चला सकतीं। मगर लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं है। यहीं साबित करने के लिये उसने हैवी लाइसेंस के लिए अप्लाई किया है। उसका सपना रेल व एरोप्लेन चलाने का है।
नाममात्र ही छात्राएं व्यवसायिक लाइसेंस के लिये आवेदन करती है। छात्रा से अन्य को भी सीख लेनी चाहिए
- एडीसी व आरटीए के कार्यवाहक प्रभारी अजय कुमार
ट्रस्ट करेगा सम्मानित
मां दानो देवी धमार्थ सेवा ट्रस्ट के चेयरमैन तस्वीर सिंह हुड्डा ने बताया कि जल्द ही छात्रा को सम्मानित किया जाएगा। छात्रा मीना ने बताया कि तस्वीर ने भी उनकी काफी मदद की। मीना की खास बात यह है कि उसने 12वीं से लेकर बीकॉम की परीक्षा प्रथम श्रेणी में पास की है।
परिवार में है दो भाई व एक बहन
मीना ने बताया कि उसके परिवार में दो भाई आजाद व राजेश तथा बहन रीना है। भाई प्राइवेट नौकरी करते हैं। उसकी माता इंद्रावती भी उसका पूरा सहयोग करती है।