फ्लैग : राहुल गांधी के जन्मदिन से एक दिन पहले कांग्रेसियों में होर्डिंग वार
हेडिंग : तंवर समर्थकों ने साढ़े 4 बजे पार्टी कार्यालय पर हुड्डा का होर्डिंग हटाकर प्रदेश अध्यक्ष का लगाया
पूर्व विधायक बीबी बतरा से झड़प, सोमवार शाम 7:45 बजे वापस हुड्डा समर्थकों ने पूर्व सीएम व सांसद दीपेंद्र का होर्डिंग लगाया
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। हुड्डा और तंवर गुट के बीच चल रही खींचतान एक बार फिर सड़क पर आ गई है। सोमवार को पार्टी कार्यालय के ऊपर होर्डिंग लगाकर राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देने के लिए हुड्डा और तंवर समर्थक आपस में भिड़ गए। आधा घंटे तक तंवर समर्थकों की पूर्व विधायक भारत भूषण बतरा के साथ कहासुनी हुई। तंवर समर्थकों के जाते ही सोमवार देर रात हुड्डा समर्थकों ने पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा व सांसद दीपेंद्र हुड्डा का होर्डिंग लगा दिया। पूर्व विधायक बतरा का कहना है कि कुछ लोग माहौल खराब करना चाहते हैं।
19 जून को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन है। तंवर समर्थक नरेंद्र कौशिक ने बताया कि कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी का एक पोस्टर जारी किया गया है, जिसमें एक तरफ राहुल गांधी तो दूसरी तरफ प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर का फोटो लगा है, जबकि ऊपर महापुरुषों के साथ कांग्रेस नेताओं और सोनिया गांधी के फोटो लगे हैं। साढ़े चार बजे तंवर समर्थक पार्टी कार्यालय पहुंचे। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र और पूर्व विधायक भारत भूषण बतरा के जन क्रांति यात्रा के होर्डिंग को उतारकर राहुल गांधी के जन्मदिन का होर्डिंग लगा दिया।
पूर्व विधायक भारत भूषण बतरा से झड़प
मामले की सूचना पाकर पूर्व विधायक भारत भूषण बतरा मौके पर पहुंचे और होर्डिंग उतारने का विरोध किया। तंवर समर्थक नरेंद्र कौशिक ने कहा कि पूरे प्रदेश में राहुल गांधी को बधाई देने के लिए एक होर्डिंग तैयार किया गया है। उसे ही हर जिले में पार्टी कार्यालय में लगाया जा रहा है। इसके बाद भी पूर्व विधायक नहीं माने। आधा घंटे तक दोनों पक्षों में कहासुनी होती रही। इसके बाद बतरा गाड़ी में बैठकर चले गए।
शाम को तंवर का होर्डिंग उतारकर लगाया हुड्डा का
शाम करीब 7 बजकर 45 मिनट पर हुड्डा समर्थक पार्टी कार्यालय पहुंचे और तंवर का होर्डिंग उतारकर नया होर्डिंग लगा दिया। इसमें पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र हुड्डा व पूर्व विधायक भारत भूषण बतरा की तरफ से राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी गई है।
वर्जन
पूर्व विधायक भारत भूषण बतरा को समझाया गया था कि प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते अशोक तंवर का ही होर्डिंग लगाना चाहिए। जन्मदिन के बाद वे होर्डिंग हटा लगेंगे। फिर पूर्व सीएम हुड्डा का लगा लेना, लेकिन वे नहीं माने। सोमवार देर शाम तंवर का होर्डिंग हटाकर पूर्व सीएम का लगा दिया गया।
-नरेंद्र कौशिक, तंवर समर्थक।
...
वर्जन
सांसद दीपेंद्र हुड्डा उत्तर भारत से जीते कांग्रेस के सांसद हैं, जबकि पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा चार बार सांसद और दो बार सीएम रह चुके हैं। उनका होर्डिंग में फोटो नहीं हैं। मैंने तो केवल इतना कहना था कि प्रदेश अध्यक्ष के होर्डिंग पहले भी साइड में लगते रहे हैं। अब भी लगा लेते, कोई एतराज नहीं था।
भारत भूषण बतरा, पूर्व विधायक एवं हुड्डा समर्थक
पहले गर्दन तोड़ते थे, अब होर्डिंग : ग्रोवर
सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने कांग्रेस के होर्डिंग वार पर चुटकी लेेते हुए कहा कि वैसे तो यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है, लेकिन कांग्रेसी जब सत्ता में होते हैं तो जनता को लूटते हैं, जब विपक्ष में होते हैं तो आपस में भिड़ जाते हैं। जिस पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष का सम्मान नहीं होता, वह पार्टी जनता का सम्मान क्या करेगी। पहले कांग्रेस गर्दन तोड़ते थे, अब होर्डिंग तोड़ रहे हैं। कांग्रेस अपना जनाधार खो चुकी है।