भले 2019 में सीटें कम आएं पर सरकार एनडीए बनाएगी: रामदास अठावले
- सरकार की योजनाओं का प्रचार करने रोहतक पहुंचे केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले ने 2019 के लोकसभा चुनाव में एनडीए (भाजपा गठबंधन) की सीटों में कम होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही यह भी कहा कि भले ही सीटें कम हो जाएं, लेकिन सरकार एनडीए ही बनाएगी। रविवार को केंद्रीय मंत्री दलित एवं दिव्यांगों के लिए केंद्र सरकार की ओर से चलाई जा रहीं योजनाओं के प्रचार के लिए आए और एनडीए की जीत के साथ ही सीटों में कमी आने की बात भी कह गए।
2014 के चुनाव में यूपी में एनडीए ने कुल 73 सीटों पर विजय हासिल की थी। दो सीटें घटक दल अपना दल ने जीतीं थी। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावाले ने कहा कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस आदि अन्य दलों के एकसाथ आ जाने से भाजपा समेत एनडीए को करीब 20 सीटों का नुकसान हो सकता है, फिर भी एनडीए को 50 से अधिक सीटें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान, मध्यप्रदेश में भी कुछ सीटों में कमी आ सकती है, लेकिन नॉर्थ ईस्ट में भाजपा को लगातार जीत हासिल हुई, जिसका फायदा मिलेगा।
80-90 सीटों पर सिमट जाएगी कांग्रेस
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्र्रेस समेत अन्य विरोधी दलों में कई वरिष्ठ नेता प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं। जिसमें राहुल गांधी सबसे आगे हैं। लेकिन कांग्रेस जितनी भी कोशिश कर ले 80 से 90 सीटों से अधिक आगामी लोकसभा चुनाव में नहीं ला सकेगी। सीटें भले ही कम हों, जीतेगी एनडीए ही। कांग्रेस की सरकार नहीं बने, यही एनडीए की कोशिश रहेगी। लोग बीते पांच वर्ष का विचार कर ही वोट करेंगे और निश्चित ही एनडीए को जीत हासिल होगी।