युवक की हत्या कर शव खुर्दबुर्द किया
चरखी दादरी।
पुलिस को कलियाणा मोड़ के समीप से एक युवक का शव खुर्द बुर्द हालत में मिला है। सिटी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने अज्ञात पर युवक की हत्या का आरोप लगाया है और उसके चाचा के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के लिए एसआईटी भी गठित की है। एसआईटी की कमान प्रदीप कुमार संभालेंगे जबकि सिटी थाना प्रभारी विकास ओलहान व बाढड़ा थाना प्रभारी शमशेर सिंह भी टीम में शामिल किए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। इस हत्याकांड पर लोगों ने शोक व्यक्त किया है वहीं सांसद दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान भी उठाए हैं।
पुलिस के अनुसार उमरवास निवासी युवक राजेश श्योराण का शव बुधवार देर रात कलियाणा मोड़ के समीप सड़क पर पड़ा मिला। इस दौरान मृतक की जेब में मिले एक समाचार पत्र के आईडी कार्ड से उसकी पहचान हुई। इसके बाद दादरी सिटी थाना पुलिस ने मामले की सूचना उमरवास सरपंच को दी। मामले की सूचना पाकर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस को दिए बयान में मृतक के चाचा अजीत सिंह ने बताया कि राजेश दो दिन पहले घर से आया था और बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे उसकी अपनी पत्नी से फोन पर बात हुई थी। इस दौरान राजेश ने दादरी आने व कुछ देर बाद घर पहुंचने की बात अपनी पत्नी को बताई थी। उन्होंने बताया कि इसके बाद जब परिजनों ने राजेश से बात करनी चाही तो उसका फोन स्विच आया। इधर मामले की सूचना मिलते ही विभिन्न राजनैतिक व सामाजिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारी सिविल अस्पताल पहुंचे। वीरवार सुबह सिविल अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जाहिर की। मृतक के चाचा अजीत के बयान पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से कराया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
एसआईटी प्रतिदिन एसपी को सौंपेगी प्रोग्रेस रिपोर्ट
पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए जांच के लिए एक तीन सदस्यीय एसआईटी गठित कर दी है। इसमें दो थाना प्रभारियों को शामिल किया गया है। एसआईटी टीम इस मामले की प्रतिदिन अपडेट रिपोर्ट सीधा पुलिस अधीक्षक को सौंपेंगी।
वर्जन::
हमने मृतक पूर्व पत्रकार के चाचा के बयान पर अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 120बी व 201 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच के लिए मैंने एक एसआईटी भी गठित कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से कराया है।
हिमांशु गर्ग, एसपी