सड़क से गायब सफेद पट्टी बन रही मुसीबत
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
स्मॉग और फॉग में वाहन चालकों की मददगार बनने वाली सड़क पर लगी सफेद पट्टी कई जगह गायब हैं, तो कई जगह यह धूमिल हो गई है। इसके अलावा कई सड़कों पर यह होने के बावजूद दिखाई नहीं दे रही है। इसका नतीजा यह हो रहा है कि वाहन चालकों के लिए रात को सड़क पर चलना जानलेवा साबित हो रहा है। पिछले दो दिनों में दर्जनों सड़क दुर्घटनाएं प्रशासन की लापरवाही की पोल खोल रही हैं। गौरतलब है कि सबसे अधिक समस्या ग्रामीण क्षेत्रों व स्टेट गवर्नमेंट की सड़कों पर हैं। यहां की सड़कों पर कोई सफेद पट्टी व दिशा निर्देश की व्यवस्था नहीं है।
एक्सपर्ट की राय : कैसे चलाएं वाहन
हरियाणा रोडवेज की चालक प्रशिक्षणशाला के एक्सपर्ट हरीश के अनुसार स्मॉग और फॉग में वाहन कभी स्पीड में नहीं चलाना चाहिए। इसमें आगे कब क्या आ जाए, पता नहीं होता। स्मॉग और फॉग दोनों ही सफेद होता है, वाहन की हेड लाइट के प्रकाश में वह मिक्स हो जाता है और आगे कुछ दिखाई नहीं देता। इसके लिए जरूरी है कि पीले रंग वाला फॉग लैंप अपने वाहनों में लगवा लें। चालकों के लिए जरूरी है कि वह सड़क पर लगी सफेद पट्टी को न छोड़ें, इससे उनका वाहन सड़क से नीचे उतरने से बच जाएगा। इसके साथ जरूरी है कि सभी वाहन आगे-पीछे कतार में चलें और ओवरटेक से बचें। सुरक्षा के लिए हेड लाइट, पार्किंग लाइट और इंडीकेटर सभी ऑन रहने चाहिए।
15 दिसंबर तक लगा दी जाएंगी सफेद पट्टी
पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग के अधीक्षक अभियंता प्रदीप रंजन ने बताया कि सड़कों पर सफेद पट्टी लगाने का कार्य जारी है। हर बार फॉग दिसंबर माह में आती है, अभी जो चल रहा है वह स्मॉग है। यह प्रदूषण के चलते है, एक दो दिन में इससे राहत मिल जाएगी। 15 दिसंबर तक सभी सड़कों पर सफेद पट्टी लगवा दी जाएगी। इसके अलावा जहां सफेद पट्टी धूमिल है, उसे धुलवा दिया जाएगा।