28 को दो हजार स्कूली बच्चे निकालेंगे नंदी संरक्षण यात्रा
भिवानी। नंदीशालाओं में नंदियों के सही ढंग से संरक्षण में समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 28 जुलाई को शहर में ‘नंदी संरक्षण उत्सव संकल्प यात्रा’ निकाली जाएगी। उपायुक्त अंशज सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस संकल्प यात्रा की रूपरेखा तैयार की गई। यात्रा में 25 स्कूलों से करीब दो हजार बच्चे भाग लेंगे।
उपायुक्त ने कहा कि नंदीशालाओं के सुचारू रूप से चलाने के लिए आमजन के सहयोग की जरूरत है। आमजन की भागीदारी बनाने के लिए 28 जुलाई को शहर में नंदी संरक्षण यात्रा निकाली जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि संरक्षण यात्रा के लिए बच्चों के तीन ग्रुप बनाए जाएं, जो अलग-अलग रूट से होकर जाएं ताकि शहर का अधिक से अधिक क्षेत्र कवर हो और ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक संदेश पहुंचे। उपायुक्त ने कहा कि वे स्वयं एक ग्रुप के साथ होंगे। यात्रा का समापन रोहतक गेट पर होगा। इस मौके पर एडीसी डॉ. संगीता तेतरवाल, सीटीएम महेश कुमार, डीएसपी चंद्रपाल बिश्नोई, डीईओ सुरेश शर्मा, सीएमओ डॉ. रणदीप पूनिया, डीडीपीओ रामसिंह, पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. जय सिंह, नगर परिषद सचिव राजेश महता, मोहनलाल बुवानीवाला, विजय कुमार, टीआईटी के प्राचार्य डीपी कौशिक, डॉ. अनिल गौड़, डॉ. मुरलीधर शास्त्री आदि मौजूद रहे।