रोहतक। कोरोना का खतरा बना हुआ है। जिले में मंगलवार को 18 संक्रमित केस मिले हैं। इनमें तीन व चार साल के दो बच्चे व छह विद्यार्थी शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में 18 नए केसों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा घट कर 94 रह गया है। जबकि मंगलवार को 23 मरीज ठीक हुए। विभाग ने 965 लोगों के सैंपल लिए। यही नहीं, 428 को अपनी रिपोर्ट का इंतजार रहा। संक्रमण की दर 4.66 प्रतिशत व सुधार की दर 97.82 प्रतिशत रही।
इधर, स्वास्थ्य विभाग का टीकाकरण अभियान जारी है। इसके तहत मंगलवार को 283 को पहली व 2698 को दूसरी डोज लगाई गई। विभाग अब तक जिले में 1593180 लोगों को वैक्सीन लगा चुका है। इसके अलावा 15 से 18 वर्ष तक के 52344 किशोर व किशोरियों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
पीजीआई में हुई 10 सैंपलों की रिकॉर्ड जांच
कोरोना महामारी कॉल में पीजीआई के माइक्रोलॉजी विभाग की वायरोलॉजी लैब ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह कीर्तिमान 10 लाख से ज्यादा आरटीपीसीआर जांच करने का है। संस्थान ने इतनी बड़ी संख्या में जांच किसी अन्य सरकारी लैब में नहीं होने का दावा किया है। संस्थान के प्रवक्ता ने बताया कि विभाग की वायरोलॉजी लैब के नाम बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई है। कोविड सैंपलों की जांच में लैब ने रिकार्ड बनाया है। प्रदेश की ऐसी किसी भी सरकारी लैब में इतनी बड़ी संख्या में सैंपल नहीं जांचे गए हैं। संस्थान की लैब में अब तक 1017065 सैंपल जांचे गए हैं। इस काम में लैब के चिकित्सक व कर्मचारी लगातार जुटे हैं।