डंपर की टक्कर से पलटी ट्रैक्टर-ट्राली, एक की मौत, एक घायल
चरखी दादरी।
कलियाणा मोड़ के समीप शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार डंपर ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर सवार गांव कलियाणा निवासी चिनाई मिस्त्री जगदीश की मौत हो गई जबकि ट्रैक्टर चालक महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अन्य गाड़ी सवारों द्वारा पीछा करने पर कुछ दूरी पर चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर के नीचे दबे शव को निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार गांव कलियाणा निवासी चिनाई मिस्त्री जगदीश (56) ने घर पर चिनाई कार्य शुरू किया हुआ था। शुक्रवार शाम वह गांव निवासी ट्रैक्टर चालक महेंद्र के साथ क्रशर व जंगले-चौखट लेने जा रहा था। क्रशर जोन से क्रशर ट्रैक्टर में लोड करवाने के बाद वे दादरी शहर में चौखट लेने जा रहे थे। इस दौरान कलियाणा मोड़ के समीप पीछे चल रहे एक डंपर ने उन्हें ओवरटेक करने का प्रयास किया और ट्राली को टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर असंतुलित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गया। ट्रैक्टर पलटने से जगदीश ट्राली के नीचे दब गया और उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा होने से ट्रैफिक व्यवस्था भी बाधित हो गई। वहीं, मामले की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर-ट्राली को हटाकर उसके नीचे दबे जगदीश के शव को निकलवाया। राहगीरों ने हादसे में घायल ट्रैक्टर चालक महेंद्र को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर शव को सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है।
वर्जन::
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक के परिजनों या ट्रैक्टर चालक के बयान दर्ज नहीं हुए हैं। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
इंस्पेक्टर जगराम, सदर थाना प्रभारी