कोर्ट स्टे बाद घर से बाहर फेंका किरायेदार का सामान, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
कोर्ट के स्टे के बावजूद किरायेदार का सामान घर से बाहर फेंकने के मामले में मकान मालिक सहित परिवार के तीन सदस्यों पर जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
साथ ही पीड़ित पक्ष के वकील पंकज बेरी ने आरोपी पक्ष के खिलाफ कोर्ट की अवमानना की याचिका दायर करने की बात कही है। वकील पंकज बेरी का कहना है कि कंवल कुमार पिछले साढ़े पांच साल से साईंदास कॉलोनी में सोनू के मकान में किराये पर रहता है। कुछ समय पहले सोनू ने उन्हें मकान खाली करने के लिए कहा था। इस पर कंवल ने सोनू से कुछ समय मांगा था। लेकिन उसने तुरंत खाली करने की बात कही। इस पर कंवल मामले को लेकर कोर्ट में चला गया। एक नवंबर को अदालत ने मकान खाली नहीं कराने का स्टे दे दिया। आरोप है कि इसके बावजूद 2 नवंबर को सोनू ने अपने पिता व माता के साथ मिलकर कंवल का सारा सामान घर से बाहर फेंक दिया। जब कंवल थाने में शिकायत लेकर पहुंचा तो उसकी कोई बात नहीं सुनी गई। इसके बाद पीड़ित पक्ष एसपी पंकज नैन से मिले। एसपी के आदेश पर सोनू व अन्य पर केस दर्ज किया गया।