विरोधियों से भयभीत प्रशासन ने आम जनता को भी नहीं आने दिया सीएम के करीब
- जाट लैंड में संगीनों के साये में सीएम का रोड शो संपन्न
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
जाट लैंड में सूबे के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का रोड शो वीरवार को देर शाम संपन्न हुआ। विरोधियों से डरे प्रशासन ने रोड शो के दौरान सड़क किनारे खड़ी आम जनता को सीएम के करीब नहीं आने दिया। पूरा रोड शो संगीनों के साये में पूरा हुआ। कुछ स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने सीएम को फूलों की माला और बुके देने का प्रयास किया, लेकिन बीच में सुरक्षा गार्डों ने उनको अपने हाथों में ले लिया। वहीं कुछ स्थानों पर सीएम को लोगों ने स्मृति चिह्न भेंट किया।
महाराजा अग्रसैन चौक से शुरू हुआ रोड शो पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग के भवन के सामने संपन्न हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान स्वैट कमांडो का जबरदस्त सुरक्षा कवच सीएम के चारों ओर बना रहा। विरोधी सीएम के समक्ष कोई विरोध न कर सकें, इसके लिए स्वैट कमांडो के अलावा हरियाणा पुलिस के महिला व पुरुष जवानों ने आमजन को सीएम के वाहन के करीब फटकने तक नहीं दिया। इसके लिए सुरक्षा जवानों ने सीएम के रथ के दोनों ओर रस्सों से घेरा बनाया था। सीएम पर सड़क किनारे उनके समर्थकों ने फूलों की वर्षा भी एयरगन से की। इसके साथ ही सीएम ने भी आम जन के प्रति अपना स्नेह जताते हुए फूलों की मालाएं दूर से ही जनता के बीच फेंकी और सभी का अभिवादन लिया।
पूरे रूट पर पुलिस कप्तान ने की पैदल यात्रा
सीएम के रोड शो में जनता ने जितना करीब से सीएम मनोहर लाल खट्टर को देखा, उतने ही करीब से अपने शहर के नये पुलिस कप्तान को भी देखा। पुलिस कप्तान जशनदीप सिंह रंधावा पूरे रोड शो के दौरान अपनी टीम के साथ सीएम काफिले के आगे पैदल चले और रास्ता बनाते रहे। इस दौरान मुस्कराते पुलिस कप्तान के साथ उनकी टीम भी सीएम के आगे पैदल मार्च करती रही। सड़क किनारे खड़ी जनता में पुलिस कप्तान खासे चर्चाओं में रहे।
सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना, खूब हुई आतिशबाजी
सीएम काफिले का स्वागत कई स्थानों पर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की धज्जियां उड़ा कर किया गया। कई स्थानों पर लोगों ने नियमों को ताक पर रख कर आसमानी आतिशबाजी की। जबकि सुप्रीम कोर्ट की ओर से स्पष्ट निर्देश हैं कि पर्यावरण को देखते हुए एनसीआर एरिया में आतिशबाजी पर प्रतिबंध लगाया गया है। रोड शो के समापन पर पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग के भवन की छत पर काफी देर तक आतिशबाजी की गई। इसे किसी प्रशासनिक अधिकारी ने रोकने की हिम्मत नहीं जुटाई।
सीएम के पीछे 23वें नंबर थी एंबुलेंस और 26वें पर अग्निशमन की गाड़ी
रोड शो के दौरान सीएम के वाहन के पीछे 23वें नंबर पर एंबुलेंस चल रही थी। तंग मार्गों पर रूट निर्धारित होने के चलते दमकल की छोटी गाड़ी को सीएम के काफिले में शामिल किया गया था। जब वाहन की आग बुझाने की क्षमता और सीएम के वाहन के काफी पीछे होने पर बात की गई तो कर्मचारियों ने बताया कि वाहन हर स्थिति से निपटने को तैयार है। यदि जरूरत पडे़गी तो वह रास्ता बनाना जानते हैं।
जहां पैर रखने की नहीं होती थी जगह वहां था खाली रोड
मुख्यमंत्री के रोड शो के लिए शहर के भीड़ भाड़ वाले बाजार भी सामान्य दिनों की तुलना में खाली दिखाई दिए। रेलवे रोड, पुरानी सब्जी मंडी एरिया, बाबरा मोहल्ला, किला रोड आदि स्थानों पर जहां पैर रखने की जगह नहीं होती थी वहां वीरवार को सीएम का भारी भरकम काफिला आसानी से गुजर रहा था।
रेल यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी
सीएम के कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। लगभग आधा घंटा झज्जर रोड से रेलवे स्टेशन की ओर किसी ऑटो और वाहन को नहीं आने दिया गया। इसके चलते झज्जर रोड से रेलवे स्टेशन तक यात्रियों को अपना सामान स्वयं ढो कर लाना पड़ा। वहीं रेलवे परिसर का भी वीरवार को अलग नजारा देखने को मिला। जहां सामान्य दिनों में आटो व निजी वाहनों की भरमार होती थी, वहां वीरवार को सिर्फ सरकारी वाहनों की ही कतार लगी रही। गनीमत रही कि सीएम के कार्यक्रम के दौरान आने वाली गाड़ियां कुछ समय के लिए लेट हो गई, इससे कुछ यात्रियों की रेल छूटने से बच गई।
कैनाल रेस्ट हाउस के बाहर होती रही बहस
रोड शो समाप्त करने के बाद सीएम कैनाल रेस्ट हाउस में पहुंच गए, जबकि आम जनता उनसे मिलने के लिए बाहर गेट पर इंतजार करती ही। पुलिस के जवानों ने सीएम के पास किसी को नहीं जाने दिया। जबकि सीएम से मिलने बाहर दिव्यांग के अलावा बुजुर्ग और महिलाएं भी खडे़ रहे। सीएम से मुलाकात करने की जिद पर कुछ लोग पुलिस के जवानों से बहस करते रहे, लेकिन किसी को अंदर नहीं जाने दिया गया।
जिला अस्पताल के बाहर भी नहीं रुके सीएम
स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल के बाहर सीएम के स्वागत के लिए खासी तैयारी कर रखी थी। लेकिन सीएम रोड शो के दौरान अस्पताल के बाहर नहीं रुके। जबकि विभाग ने हरियाणा सरकार की योजनाओं को लोगों को दिखाने के लिए विशेष रूप से एलईडी स्क्रीन का इंतजाम किया था। इसके साथ ही सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेशचंद्र के साथ पूरा स्वास्थ्य विभाग अस्पताल के बाहर सीएम के स्वागत के लिए तैयार था।
सैनी धर्मशाला के बाहर तोड़ा सुरक्षा चक्र
सैनी धर्मशाला के बाहर महिलाओं व पुरुषों ने सीएम का सुरक्षा चक्र को तोड़ कर सीएम तक अपनी पुष्प मालाएं पहुंचने का प्रयास किया। लेकिन सीएम के साथ तैनात कमांडो ने उन तक नहीं पहुंचने दिया और बीच में ही माला और बुके लेकर सीएम को दिया। इस दौरान सीएम मुस्कराते हुए सभी का अभिवादन ले रहे थे।
बैंड बाजे और घुड़सवार टीम बने आकर्षण का केंद्र
रोड शो में बैंड बाजे, ढोल टीम के अलावा जगह-जगह डीजे का प्रबंध किया गया था। सभी जगह देश भक्ति गीतों के साथ जनता में उत्साह भरा जा रहा था। इसके साथ ही सुभाष रोड पर घुड़सवारों की टीम की आगवानी भी सीएम के काफिले की शोभा बढ़ा रही थी।