रोहतक। खेल महज खेल नहीं, एकजुटता, भाईचारा व सामाजिक सद्भाव एवं सामंजस्य का भी प्रतीक है। खेल भावना के साथ खेल को खेला जाए, और समाज व राष्ट्र में स्वस्थ खेल संस्कृति का विकास करने की जरूरत है। यह कहना है कि सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर का। वे शनिवार को एमडीयू में अखिल भारतीय अंतर विश्विद्यालय ताइक्वांडो (पुरुष व महिला) चैंपियनशिप व अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय क्वान की डो चैंपियनशिप का शुभारंभ करने आए थे।
मंत्री ने कहा कि विवि का न केवल शिक्षा, बल्कि खेल क्षेत्र में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा नाम और मुकाम है। हरियाणा को एमडीयू की खेल उपलब्धियों पर गर्व है। विश्विद्यालय में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए उन्होंने 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि विश्विद्यालय में जीवंत खेल संस्कृति का विकास और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विश्वविद्यालय में मल्टीपर्पज राष्ट्रीय स्तरीय वेलोड्रोम व अंतर्राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग रेंज का शिल्यान्यास मुख्यमंत्री ने तीन मार्च को ही किया है। विवि के खेल क्षेत्र की उपलब्धियों को नैक पीयर टीम ने भी खूब सराहा। भविष्य में खेल क्षेत्र में और अधिक उपलब्धियों के लिए प्रशासन हर संभव प्रोत्साहन देगा। कुलपति ने खेल निदेशक डॉ. डीएस ढुल व उनकी टीम को उत्कृष्ट आयोजन के लिए सराहा। इससे पूर्व, निदेशक खेल डॉ. डीएस ढुल ने कहा कि चैंपियनशिप में लगभग 120 टीमें भाग ले रही हैं। ये चैंपियनशिप 17 मार्च तक चलेगी। चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में प्रतिष्ठित लोक गायक रामकेश जीवनपुरिया, उदीयमान गायक गगन, उदयीमान गायिका कवि सिंह ने गीत प्रस्तुत किए। इस मौके पर ताइकवंडो फेडरेशन सचिव जनरल प्रभाकर शर्मा, अक्षय हुड्डा, अजय दलाल, अरुणा, भीम अवार्डी संदीप कुंडू, डॉ. सतीश आहूजा, पूर्व अध्यक्ष डॉ. कृष्णा चौधरी, शमशेर खरकड़ा, मेयर मनमोहन गोयल, डॉ. आरपी गर्ग, निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, उपनिदेशक (खेल) डॉ. शकुंतला, सहायक कुलसचिव महेंद्रपाल मौजूद रहे।