सीएम फ्लाइंग टीम ने की छापेमारी 20 पेटी अवैध शराब पकड़ी
भिवानी। सीएम फ्लाइंग टीम ने जिलेभर में छापेमारी कर अवैध शराब के ठेके और बिजली चोरी के 16 केस पकड़े। वहीं बिना परमिट दौड़ रही सात बसें व तीन छोटे सवारी वाहन इंपाउंड किए ।
डीएसपी सीआईडी रोहतक के निर्देश पर मंगलवार को सीएम फ्लाइंग टीम ने विशेष अभियान चलाया। टीम ने सबसे पहले ऑटो मार्केट में चल रहे अवैध शराब के ठेके पर छापेमारी की। यहां से अंग्रेजी शराब की 20 पेटी बरामद की जबकि संचालक पहले फरार हो चुका था। टीम ने यहीं पर वाहनों की जांच की जिसमें बिना परमिट दौड़ रही सात बसों व तीन छोटे सवारी वाहनों को इंपाउंड किया। 34 वाहनों के चालान किए गए। टीम ने गुप्त सूचनाओं के आधार पर 16 जगह बिजली चोरी के केस पकड़े। जिन पर चार लाख रुपये जुर्माना किया गया। दिनभर में 34 जगह छापेमारी की गई।
सीएम फ्लाइंग इंस्पेक्टर आजाद सिंह ढांडा ने बताया कि डीएसपी सीआईडी रोहतक के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया है। अवैध शराब बिक्री व अवैध रूप से चल रहे वाहनों को पकड़ा गया है। पांच अवैध गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। अभियान आगे भी जारी रहेगा। टीम में नवीन, सुनील, कष्ण, विनोद, राजबीर, राजेन्द्र, जोगेन्द्र सिंह आदि शामिल रहे।