नशे में धुत मिला एसएचओ, एसपी ने लाइन हाजिर किया
बौंदकलां।
सौंप निवासी किशोर की प्रेम-प्रसंग को लेकर रविवार को हुई हत्या का मामला सामना आने पर नशे में धुत मिले एसएचओ भीम सिंह को एसपी हिमांशु गर्ग ने लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह एसआई राजबीर सिंह को फिलहाल कार्यवाहक थाना प्रभारी लगाया गया है। ये जानकारी पुलिस प्रवक्ता सुरेंद्र दांगी ने दी।
उल्लेखनीय है कि रविवार को गांव सौंप में एक 15 वर्षीय किशोर की सिर में चोट मारकर लहूलुहान कर दिया था। मृतक के परिजन बेसुध किशोर को सामान्य अस्पताल भिवानी लेकर गए थे। यहां पर भी एसएचओ ने शराब पी रखी थी। रविवार देर शाम जब चरखी दादरी के डीएसपी प्रदीप कुमार बौंदकलां थाने पहुंचे और एसएचओ को गांव सौंप चलने के लिए कहा। तो थाना प्रभारी ने डीएसपी को संतोषजनक जवाब नहीं दिया। डीएसपी ने पूरे मामले की जानकारी एसपी चरखी दादरी को दी। उन्होंने कार्रवाई करते हुए एसएचओ को लाइन हाजिर करने के आदेश जारी कर दिए। वहीं एसआई राजबीर सिंह को सोमवार को थाना प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई : एसपी
बौन्दकलां एसएचओ द्वारा रविवार को शराब के नशे में होने के मामले में एसपी हिमांशु गर्ग से बात की गई तो उन्होंने बताया कि फिलहाल एसएचओ को लाइन में बुला लिया गया है। अगर एसएचओ शराब के नशे में थे तो मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।