चालक से मारपीट कर ट्रक ले गए बदमाश
चरखी दादरी। गांव रावलधी के समीप मंगलवार रात स्कार्पियो सवार बदमाशों ने एक ट्रक चालक के साथ लूटपाट की। बदमाशों ने चालक से मारपीट कर दस हजार की नकदी, मोबाइल व ट्रक छीन ले गए। ट्रक चालक ने मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात गांव रावलधी नहर पुल के समीप स्कार्पियो में सवार छह लोगों ने ट्रक छीन लिया। ट्रक चालक उत्तरप्रदेश के बागपत से चरखी दादरी के गांव खेड़ी बत्तर जा रहा था। रावलधी नहर पुल के समीप पहुंचने पर बदमाशों ने कार को ट्रक के आगे लगाकर जबरन रुकवा लिया। जब चालक ने ट्रक को रोका तो बदमाश उसमें सवार हो गए तथा ट्रक को अपने कब्जे में लिया। इसी बीच इन बदमाशों ने चालक संजीव के पास मौजूद 10 हजार रुपये व मोबाइल भी छीन लिया। इसके बाद बदमाश चालक को नीचे उतारकर ट्रक लेकर फरार हो गए। चालक संजीव ने इसकी सूचना सदर पुलिस को दी। पुलिस ने रात को ही नाकेबंदी की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सदर पुलिस थाना प्रभारी प्रेम सिंह ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर खोजबीन जारी है।