घर बुलाकर की हत्या, परिजनों को बताया आत्महत्या, वॉयस मैसेज में सच्चाई आई सामने
- पुलिस ने व्हाटसएप रिकॉर्डिंग के आधार पर किया पांच आरोपियों के खिलाफ किया हत्या का केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
मॉडल टाऊन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव सौदापुर में एक व्यक्ति की घर बुलाकर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने अपने बचाव के लिए मृतक व उसके परिजनों से जबरदस्ती कोरे कागजों पर साइन भी करवा लिए। लेकिन मृतक की ऑडियो रिकार्डिंग ने आरोपियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। आशंका जताई जा रही है कि मृतक व्यक्ति व रिश्ते में उसकी भाभी लगने वाली महिला के बीच अवैध संबंध थे। जिसके चलते ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। असंध नहर नाका चौकी पुलिस ने पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर महिला सहित परिवार के पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव इशका पिहोवा कुरुक्षेत्र निवासी कर्मबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई रणधीर के पास 8 जुलाई की सायं किसी व्यक्ति का फोन आया। फोन सुनने के बाद वह परिजनों को बिना कुछ बताए ही गांव से बाइक उठाकर कहीं चला गया था। इसके बाद रणधीर ने रात करीब पौने 2 बजे अपने एक दोस्त गेलू उर्फ गरमेल को वॉयस मेल भेजा कि वह पानीपत स्थित गांव सौदापुर में अपनी भाभी से मिलने आया था, लेकिन अब उसे उसके मौसा व भाइयों ने बाथरूम में बंद कर दिया है। इसके साथ ही उसने बताया कि उसका मौसा नफे, भाई शौकी उर्फ अशोक, भाई राजेश व विनोद उसे मारने की योजना बना रहे है। गेलू ने सारी बातचीत रणधीर के परिजनों को सुनाई। वहीं उसके चाचा रामफल ने अगले दिन रणधीर द्वारा जहर की गोली निगलने की सूचना रणधीर के परिजनों को दी।
रणधीर के परिजन उसे गांव सौदापुर में लेने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देकर उनसे खाली कागजातों पर हस्ताक्षर करवा लिए। परिजनों ने रणधीर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पिहोवा स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। यहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया। 10 जुलाई को रणधीर ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक की ऑडियो रिकार्डिंग के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मृतक के परिजनों ने बताया कि रणधीर की रिश्तेदारी में भाभी लगने वाली सौदापुर निवासी महिला के साथ पिछले कुछ समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रणधीर कुछ समय तक गांव सौदापुर में इनके पास ही रहा और ऑटो चालक के तौर पर काम किया। आरोपियों ने उसकी कमाई के पैसे भी नहीं दिए। बाद वह वह पिहोवा आ गया था।
वर्जन
पुलिस को पिहोवा निवासी कर्मबीर की शिकायत मिली है। उसने अपने रणधीर की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने इसमें शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
-कृष्ण कुमार, प्रभारी, असंध चौकी, पानीपत।