रोहतक। शहर में वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर नगर निगम प्रशासन ने शुक्रवार को लघुसचिवालय में निगम पार्षद, धार्मिक व सामाजिक संगठन, व्यापारी नेताओं और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की मीटिंग बुलाई। आयुक्त ने साफ कहा कि एनजीटी की हिदायतों के तहत अगर कोई व्यक्ति कचरा फैलाता है या सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग नहीं करता तो निगम उस पर जुर्माना लगा सकता है। जवाब में, वार्ड नंबर 11 से कांग्रेस पार्षद कदम सिंह अहलावत ने कहा कि लोगों पर जुर्माना लगाने से पहले उनको जागरूक किया जाए।
सुबह लघु सचिवालय के सभागार में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देशानुसार ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक कचरा प्रबंधन, जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 की अनुपालना में निगम आयुक्त आरएस वर्मा की अध्यक्षता में विशेष मीटिंग हुई। आयुक्त ने बताया कि कूड़ा निपटान नियमों की पालना के लिए बहुत सी गतिविधियां सुनिश्चित की गई है, जिनमें डोर टू डोर सौ प्रतिशत कूड़ा एकत्रित करना, स्रोत पर कचरे को अलग करना, कचरे का सौ प्रतिशत निपटान, गीले कूड़े का निपटान, स्वस्थ रखने के लिए पौधारोपण करना शामिल है। नियम 2016 की अनुपालना के उपायुक्त की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है।
ये पहुंचे मीटिंग में
दोपहर बाद निगम आयुक्त द्वारा ली गई मीटिंग में बाबा कपिल पुरी, सुखा शाह, मेयर मनमोहन गोयल, निगम पार्षद राजू सहगल, कदम सिंह अहलावत, दीपिका नारा के पति प्रदीप नारा, टिनू लूंबा, राजू भुटानी, बिट्टू सचदेवा, सोम मलिक, श्याम सुंदर नागपाल, श्याम सचदेवा, कपिल नागपाल, शुलभ गुगनानी व अशोक भांवरी भी मौजूद रहे।