04जेएनडी23: ट्रायल देते हुए खिलाड़ी कर्मचारी। संवाद।
नरवाना। अखिल भारतीय सिविल सेवा की राष्ट्र स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता दिल्ली में 17 व 18 फरवरी को होगी। बुधवार को प्रदेशभर से महिला व पुरुष हॉकी खिलाड़ियों का ट्रायल नरवाना के नवदीप स्टेडियम में लिया गया। ट्रायल में कुल 105 प्रतिभागियों ने भाग लिया जिनमें 65 पुरुष व 40 महिला खिलाड़ी शामिल रहीं।
ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल, फिटनेस और तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन किया। महिला वर्ग से 18 और पुरुष वर्ग से 18 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
चयनित खिलाड़ी दिल्ली में होने वाली अखिल भारतीय सिविल सेवा हाकी प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों के चयन के लिए गठित समिति में अनुभवी कोचों को शामिल किया गया। चयन प्रक्रिया में हॉकी कोच संदीप गोयत, रेवाड़ी से कोच वीरेंद्र, हिसार से कोच रूचिका और यमुनानगर से कोच हरजीत कौर मौजूद रहीं। कोचों ने खिलाड़ियों की तकनीक, गति और टीम भावना को परखा।
जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी रामपाल ने बताया कि अखिल भारतीय सिविल सेवा हॉकी प्रतियोगिता दिल्ली में आयोजित होगी। इसके लिए प्रदेश स्तर पर ट्रायल लिया गया है। ट्रायल में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों से प्रमाण पत्र लिए गए। सुनिश्चित किया कि वे संबंधित विभागों के अधिकारी या कर्मचारी हैं।