स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं करना भाजपा की कमजोरी : सतपाल सांगवान
चरखी दादरी। भाजपा सरकार की सबसे बड़ी कमजोरी स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू नहीं करना है। सीएम और सरकार के मंत्री अपने फायदे के लिए किसानों की आड़ में पैसा कमाकर बड़े व्यापारी बन गए हैं। इनको किसानों से कोई लेना-देना नहीं है। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेसी नेता सतपाल सांगवान ने गांव फतेहगढ़ में जनसंपर्क अभियान के दौरान सरकार पर यह आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि किसानों के नाम पर सरकार के नुमाइंदों ने केंद्र को अंधेेरे में रखा और ग्रांट गटक गए। जो लोग पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा को सबसे कमजोर सीएम कहते हैं, वे लोग पहले अपने गिरबां में झांके। आनेे वालेे समय में किसान ही नहीं बल्कि हर वर्ग ऐसे लोगों को वोट की चोट पर बदला लेगी। किसानों की दयनीय हालत के लिए प्रदेश की भाजपा सरकार जिम्मेदार है। भाजपा सरकार में हक के लिए आवाज उठाने वालों पर दमनचक्र चलाया जाता है। किसान तो भाजपा के शासन में खून के आंसू बहा ही रहा था कि अब जीएसटी लागू होने के बाद व्यापार ठप हो जाएगा, व्यापारी और मजदूर तबाही के कगार पर पहुंच जाएंगे। इस मौके पर सरपंच प्रतिनिधि नरेंद्र डुडी, पूर्व सरपंच रामकरण, प्रताप सिंह, महिपाल प्रजापत, डॉ. धर्मचंद, मनोज, रणबीर सिंह, कृष्ण पहलवान, हवा सिंह नंबरदार, सूबेदार होशियार सिंह, पृथ्वी सिंह और जय कुमार फौजी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।