अमर उजाला विंटर कार्निवल में सम्मानित किए गए अध्यापक।
- फोटो : अमर उजाला
रोहतक में शनिवार को अमर उजाला की ओर से दो दिवसीय विंटर शॉपिंग कार्निवाल का आयोजन किया गया। ऑल इंडिया जाट हीरोज मेमोरियल कॉलेज ग्राउंड में शुरू हुए कार्यक्रम में शनिवार को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष ग्रोवर व एलपीएस बोसार्ड के निदेशक राजेश जैन पहुंचे।
अमर उजाला की पहल की सराहना
अमर उजाला प्रबंधन ने मुख्य अतिथियों और विशिष्ट अतिथियों को पौधे देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथियों ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर रोहतक के उन 100 अध्यापकों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने कोरोना काल में समाज में सार्थक भूमिका निभा कर समाज के उत्थान में योगदान दिया। मुख्यातिथि मनीष ग्रोवर व राजेश जैन ने कहा कि शिक्षक समाज में एक दीपक का काम करता है, जो खुद जलकर दूसरों को प्रकाश देता है। उन्होंने अमर उजाला की इस पहल की सराहना की।
अमित सैनी देंगे प्रस्तुति
शनिवार को पहले दिन सुबह 11 बजे से कार्यक्रम शुरू हो गए। ये कार्यक्रम रात 9 बजे तक चलेंगे। इसमें शाम 6 बजे से 8 बजे तक अमित सैनी रोहतकिया मंच से प्रस्तुति देंगे। आयोजन के पहले दिन बच्चों के लिए झूले, वैक्सीनेशन शिविर, निशुल्क जांच शिविर, रक्तदान शिविर, विभिन्न प्रकार के व्यंजन, ऑटो शो व अन्य गतिविधियां होंगी। मेले में होंडा एक्टिवा दस हजार के लाभ के साथ खरीदने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही ग्राहकों को आठ हजार रुपये की डाउन पेमेंट के साथ इस वाहन को खरीदने का मौका होगा।
कार्यक्रम के दूसरे दिन 26 दिसंबर को शाम 4 बजे से 6 बजे तक रफी नाइट का आयोजन होगा। इसमें प्रदेश भर से कलाकार शिरकत करेंगे। इसमें प्रवेश निशुल्क है। सभी को कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए मास्क पहन कर आना अनिवार्य होगा।