रोहतक। थाना आर्यनगर क्षेत्र के सुभाष रोड पर शुक्रवार शाम दो नकाबपोश बदमाशों ने कारोबारी पर फायरिंग कर दी। कारोबारी ने अपने कार्यालय में छिपकर जान बचाई। बदमाश सुबह उसे धमकी देकर गए थे। बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की थी। दो फायर हवा में किए और दो फायर उस पर किए, जो मिस हो गए। घटना के बाद बदमाश मौके से भाग गए।
घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर पुलिस लाइन और सिविल लाइन थाना है, जबकि 80 मीटर दूर सिविल अस्पताल की चौकी व 300 मीटर दूर एसपी ऑफिस है। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी रवि खुंडिया, थाना प्रभारी आर्यनगर, पुरानी सब्जी मंडी और दोनों सीआईए प्रभारी ने जांच शुरू कर दी है।
आर्यनगर निवासी रचित कुमार ने बताया कि उनका सुभाष रोड पर वीर कार के नाम से सेल-परचेज का ऑफिस है। शुक्रवार सुबह जब वह ऑफिस पहुंचे थे तो एक बाइक पर दो युवक आए थे। उन्होंने एक अन्य व्यक्ति का फोटो दिखाकर धमकी दी थी कि वह उनको जान से मार देंगे। उन्होंने सोचा वह दोनों में से किसी को नहीं जानता है तो उसे क्या लेना-देना।
शाम को करीब साढ़े 5 बजे बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश आए और उन्होंने पहली दो गोली हवा में चलाईं। इसके बाद दो गोली उस पर दागी, लेकिन दोनों फायर मिस हो गए। वह ऑफिस के अंदर घुस गए और जान बचाई।
उधर, फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल में जुट गए। फायरिंग की सूचना पर एफएसएल प्रभारी सरोज दहिया भी मौके पर पहुंचीं और साक्ष्य एकत्र किए।
-
प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है। आए दिन हत्या, लूट और फायरिंग की वारदात हो रही हैं। यह घटनाएं आम हो गई हैं। पुलिस-प्रशासन और सरकार का बदमाशों में खौफ खत्म हो चुका है। आलम यह है कि आम नागरिक भय के साये में जीने को मजबूर हैं।
- हेमंत बख्शी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता।
सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की सुबह से लेकर शाम तक की फुटेज देखी है। इसमें कुछ फुटेज में आरोपियों की बाइक का नंबर और उनका चेहरा इसमें दिख रहा है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।
-
महम की घटना का नहीं हुआ खुलासा
हाल में शराब के ठेके पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर धमकी दी थी कि ठेके लिए कोई फाॅर्म न भरा जाए। यदि फाॅर्म भरा तो अपनी जान का खुद जिम्मेदार होगा। पुलिस चार दिन बाद भी बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई है।
वीर कार के कारोबारी पर फायरिंग की गई है और दो बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। फायरिंग क्यों की गई है, अभी इसका खुलासा नहीं हो सका है। जल्द हमलावराें को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- रवि खुंडिया, डीएसपी मुख्यालय।
23सीटीके32..... सुभाष रोड स्थित दुकान पर हुए फायरिंग के बाद जांच करती एफएसएल की टीम। संवाद
23सीटीके32..... सुभाष रोड स्थित दुकान पर हुए फायरिंग के बाद जांच करती एफएसएल की टीम। संवाद