आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार। विज्ञप्ति
रोहतक। एक करोड़ 15 लाख की लूट के मामले में फरार यूपी के सुल्तानपुर जिले के गांव भिकनपुर निवासी अरमान अली को सीआईए की टीम ने बावल से गिरफ्तार किया है। पुलिस उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी। मामले में आठ आरोपियों को पहले काबू किया जा चुका है।
सीआईए प्रथम प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनेश कुमार ने बताया कि यूपी के मथुरा जिले के गांव नैनू निवासी बदन सिंह ने 2018 में शिकायत दी थी कि वह संरक्षक मेन पावर सर्विस बावल में सुरक्षाकर्मी की नौकरी करता है। 19 फरवरी को राजस्थान नंबर का ट्रक गुजरात से कॉपर वायर भरकर बावल आया था। ट्रक पर प्रतापगढ़ निवासी संजय चालक व उसका साथी परिचालक था। तय हुआ कि ट्रक को गाजियाबाद ले जाया जाएगा। ट्रक रात करीब 10 बजे सांपला के नजदीक नयाबांस व भैंसरू गांव के बीच पहुंचा। ड्राइवर ने लघुशंका करने के लिए ट्रक रोक दिया। तभी ट्रक के आगे आकर एक कार रुकी। उसमें से उतरे युवकों ने उनको ट्रक से नीचे उतारकर बंधक बना लिया। उसे यूपी में रामपुर के पास फेंककर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने लूट का मामला मामला दर्ज किया। जांच में पता चला कि ट्रक में 21 टन कॉपर वायर थी, जिसकी कीमत 1 करोड़ 15 लाख रुपये थी।
...........
ट्रक चालक के साथ मिलकर दी गई लूट की वारदात अंजाम
पुलिस को जांच में पता चला है कि धरौली मधपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी रोशन अली, शेखचंद उर्फ बल्ले व कांडोर जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) निवासी महबूब अली उर्फ खुजे व अन्य के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। लूट के मास्टर मांइड रोशन अली व महबूब अली उर्फ खुजे है। दोनों ने ट्रक चालक संजयपाल व परिचालक शेखचंद को विश्वास में लेकर ट्रक लूटने का प्लान तैयार किया। प्लान के मुताबिक ही चालक संजयपाल ने रात के समय सुनसान जगह पर ट्रक को रोक दिया। साथ ही अपने साथियों को सूचित कर दिया। इनोवा में सवार रोशन अली, रवि, सलमान व उसके दोस्तों ने सुरक्षाकर्मी बदन सिंह को बंधक बनाकर इनोवा में डाला और रामपुर के पास फेंक दिया। ट्रक चालक संजय, परिचालक शेखचंद व रवि ट्रक को गाजियाबाद के रास्ते यमुना एक्सप्रेस-वे पर ले गए। रोशन अली अपने दोस्तों के साथ वापस एक्सप्रेस-वे पर आ गए। सभी आरोपी टोल प्लाजा के पास इकट्ठा हुए जहां पर महबूब अली भी मौजूद था। रोशन अली, महबूब अली ने अपने साथी मोसिन अली के साथ मिलकर धुलिया (गुजरात) में रवि के नाम से गोदाम किराये पर लिया। रोशन अली, महबूब अली व मोसिन अली ने गोदाम में कॉपर वायर को रखकर आगे बेच दिया। पुलिस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन आरोपी अरमान अली फरार चल रहा था, जिस पर 10 हजार का इनाम घोषित था। उसे अब काबू किया गया है।