रेवाड़ी। सड़क हादसे में घायल चांदुवास निवासी जसबीर (25) की 33 दिन बाद शनिवार को मौत हो गई। 21 मार्च की शाम दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ओडी कट के पास जसबीर बाइक से कंपनी जा रहा था। इसी दौरान एक वाहन ने टक्कर मार दी और जसबीर को सिर में गहरी चोट लगी।
परिजन उसे जयपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां ऑपरेशन के बाद 18 अप्रैल को डिस्चार्ज कर दिया गया। घर लौटे जसबीर की हालत देखकर उनकी 70 वर्षीय दादी सौभाग्यवती उर्फ रेशमी यह सदमा सहन नहीं कर पाईं और 21 अप्रैल को उनकी मौत हो गई।
परिवार अभी इस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि 23 अप्रैल को जसबीर ने भी दम तोड़ दिया। जसबीर की मौत सांस की नली में रूकावट के कारण होने की आशंका जताई जा रही है।
जसबीर ने करीब डेढ़ साल पहले नौकरी शुरू की थी, जबकि बड़े भाई की शादी छह माह पहले ही हुई थी। घर में माता-पिता, भाई-भाभी और बुजुर्ग दादा हैं जो गहरे सदमे में हैं। बावल थाना पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।