रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में 8वें इंटर जोनल युवा महोत्सव हिंडोला का सोमवार को आगाज किया गया। इस मौके पर रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिलों के 34 महाविद्यालयों के प्रतिभागी 48 प्रतिस्पर्धाओं में भागीदारी दिखाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार रहे एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद के कुलपति प्रोफेसर रामपाल सैनी, केएलपी कॉलेज से सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. डीपी भारद्वाज, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना पोपली रहीं।
कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी एवं कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह ने अतिथियों को शाॅल व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हरियाणवी कलाकारों अमन जाजी, यूके हरियाणवी, मनु पहाड़ी, सिहाग म्यूजिक ने अद्भुत मनोरंजन कलाओं एवं संगीत के साथ सभी को आनंदित करते हुए सभी का मन मोहा।
इस दौरान मुख्य अतिथि विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने युवा महोत्सव में उपस्थित सभी विद्यार्थियों और अतिथियों को शुभकामनाएं देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन ही नहीं, यह एक आंतरिक कला को कौशल, निपुणता के साथ निखारने का माध्यम है।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण विभाग प्रोफेसर करण सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर बताया। कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह ने सभी विद्यार्थियों को हिंडोला युवा महोत्सव में सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ निरंतर ज्ञान सीखने रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
आईजीयू कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी ने युवा महोत्सव की सभी समितियां के संयोजकों, विद्यार्थी एवं शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मंच पर प्रस्तुति देना हर एक प्रतिभागी के मनोबल को बढ़ाता है। शिक्षा के साथ-साथ मानसिक विकास भी सांस्कृतिक गतिविधियों के द्वारा आवश्यक है।
पहले दिन इन प्रतिस्पर्धाओं का हुआ आयोजन
प्रथम स्टेज पर क्रिएटिव कोरियोग्राफी, हरियाणवी साफा मेकिंग, वन एक्ट प्ले, हरियाणवी शॉर्ट फिल्म, मिमिक्री प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया गया।
स्टेज नंबर 2 पर यज्ञशाला पार्क में वेस्टर्न इंस्ट्रूमेंट सोलो, नुक्कड़ नाटक, हरियाणवी सोलो डांस मेल, हरियाणवी सोलो डांस फीमेल, स्टेज नंबर 3 कल्पना चावला सभागार में फोक आर्केस्ट्रा, वेस्टर्न ग्रुप सॉन्ग, हरियाणवी ग्रुप सॉन्ग प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया गया।
स्टेज नंबर 4 विवेकानंद भवन में क्लासिकल वोकल सोलो, क्लासिकल इंस्ट्रूमेंट सोलो, वेस्टर्न वोकल सोलो, पंजाबी पोएटिक, स्टेज नंबर 5 सरदार पटेल भवन में एलोक्यूशन हिंदी, एलोक्यूशन अंग्रेजी, संस्कृत श्लोक उच्चारण, डिक्लेमेशन इन संस्कृत, पोएटिक इन हरियाणवी, पोएटिक इन उर्दू प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया गया।
स्टेज नंबर 6 सरदार पटेल भवन में ऑन द स्पॉट पेंटिंग, क्ले मॉडलिंग, कार्टूनिंग आदि प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की गई। सभी विद्यार्थियों में उत्साह और उमंग देखने को मिला।
जोनल युवा महोत्सव हिंडोला का शुभारंभ करते बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार। संवाद
जोनल युवा महोत्सव हिंडोला का शुभारंभ करते बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार। संवाद