संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ऑटो का इंतजार कर रहे दो लोग तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से घायल हो गए। इनमें से एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर है।
मृतक की पहचान झारखंड के जिला गढ़वा गांव कठवारिया निवासी हीरालाल के रूप में हुई। झारखंड के गढ़वा जिले के निवासी शंभू गुप्ता ने बताया कि तीन दिन पहले वह अपने दोस्त हीरालाल के साथ झारखंड से रेवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र धारूहेड़ा में काम की तलाश में आया था। कई कंपनियों में नौकरी तलाशने के बाद दोनों एक और कंपनी में नौकरी की तलाश में जा रहे थे। इसी दौरान वह दिल्ली-जयपुर हाईवे के सर्विस रोड पर एक टूरिस्ट काम्पलेक्स के समीप खड़े थे। तभी दिल्ली की तरफ से तेज रफ्तार रफ्तार से आ रहे बाइक चालक ने दोनों को टक्कर मार दिया। हादसे में दोनों सड़क किनारे गिर गए। आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने दोनों को एंबुलेंस की मदद से ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने हीरालाल को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस रोहतक पहुंची और हीरालाल के शव का पोस्टमार्टम करवाया। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।