धारूहेड़ा (रेवाड़ी)। रेवाड़ी-पलवल राष्ट्रीय राजमार्ग-919 पर गांव महेश्वरी के पास निर्माण कार्य के दौरान बरती गई लापरवाही के चलते शनिवार सुबह बुलेट मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जा रहे युवक वैभव तिवारी (32) बाइक समेत सड़क के बीच खोदे गए गहरे गड्ढे में गिर गए। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
हैरानी की बात यह है कि निर्माणाधीन सड़क पर न तो कोई चेतावनी संकेतक लगाया गया था और न ही गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग की गई थी। युवक की मौत के बाद विभाग और निर्माण एजेंसी की नींद खुली और आनन-फानन में घटनास्थल पर बैरिकेडिंग और संकेतक लगाए गए।
उत्तर प्रदेश के जिला औरैया निवासी वैभव तिवारी गवाड़ी के पास स्थित क्लासिक लिमटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में काम करते थे। शनिवार अलसुबह करीब 4 बजकर 45 मिनट पर वह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर ड्यूटी के लिए निकले थे।
इसी दौरान धारूहेड़ा से भिवाड़ी की तरफ जाने वाले मार्ग पर गांव महेश्वरी के पास सड़क के बीच बने गहरे गड्ढे में उनकी बाइक जा गिरी। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई। वैभव हेलमेट पहने थे, लेकिन चोट इतनी गंभीर थी कि उसकी जान नहीं बच सकी।
आधे घंटे से अधिक समय तक गड्ढे में पड़े रहे
हादसे के बाद वैभव गड्ढे में ही घायल अवस्था में पड़े रहे। सुबह अंधेरा होने के कारण सड़क से गुजरने वाले लोगों को वह दिखाई नहीं दिया। करीब आधे घंटे से अधिक समय बाद वहां से गुजर रहे एक स्कूटी सवार युवक की नजर उस पर पड़ी। उसने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना के करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
एक तरफ रास्ता बंद, दूसरी तरफ भी खोद दी सड़क
गांव महेश्वरी के पास पीडब्ल्यूडी विभाग के अंतर्गत सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। भिवाड़ी से धारूहेड़ा की तरफ आने वाली सड़क को पूरी तरह बंद किया हुआ था। वहीं, दूसरी तरफ की सड़क पर भी करीब 15 से 20 फुट लंबाई में गहरी खुदाई कर दी गई थी। सड़क के बीच बने इस गड्ढे के आसपास न कोई चेतावनी बोर्ड था और न ही सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। सुबह अंधेरे में गड्ढा दिखाई नहीं देने के कारण यह दर्दनाक हादसा हो गया।
मौत के बाद लगाए गए सुरक्षा इंतजाम
हादसे में युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद विभाग और निर्माण एजेंसी हरकत में आई। इसके बाद घटनास्थल पर बैरिकेडिंग की गई और चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए गए। सवाल यह है कि जब निर्माण कार्य पहले से चल रहा था तो वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए ये इंतजाम पहले क्यों नहीं किए गए, आखिर किसकी जिम्मेदारी थी कि सड़क पर गहरी खुदाई के दौरान लोगों को खतरे से आगाह किया जाए। अब एक परिवार ने अपना बेटा खो दिया है और निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही को लेकर जवाबदेही तय होना जरूरी है।
वर्जन
गांव महेश्वरी के पास हादसे में एक युवक की मौत हो गई। परिजनों की शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।-सचिन कुंडू, प्रभारी, धारूहेड़ा सेक्टर-6।
गांव महेश्वरी के पास हुए सड़क हादसे के बाद निर्माण स्थल पर बेरीकेटिंग करते कर्मचारी। संवाद