रेवाड़ी। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की यूनिट ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोहल्ला कंकरवाली में एक युवक को 8.60 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव चांदावास निवासी विक्रम यादव है।
ब्यूरो की रेवाड़ी यूनिट के इंचार्ज इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह ने बताया कि टीम नशा रोकथाम अभियान के तहत चांदावास बस अड्डे के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक कंकरवाली जोहड़ के पास नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर टीम ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मौके पर दबिश दी।
तलाशी के लिए राजपत्रित अधिकारी एईटीओ नीरज गर्ग (सेल्स) को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के पायजामे की जेब से पारदर्शी पॉलिथीन बरामद हुई। इसमें एमडीएमए रखा हुआ था। इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर पॉलिथीन सहित पदार्थ का वजन 8.60 ग्राम मिला।
ब्यूरो ने आमजन से नशे की खरीद-फरोख्त या तस्करी की सूचना हेल्पलाइन नंबर 9050891508 या मानस टोल-फ्री नंबर 1933 पर देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है।