रेवाड़ी। नगर निकाय चुनाव के दौरान कई मतदान केंद्रों पर फर्जी वोटिंग और धांधली का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने हंगामा किया। वार्ड संख्या 14 स्थित मतदान केंद्र गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक युवक फर्जी वोट डालने के आरोप में पकड़ा गया। प्रत्याशियों और समर्थकों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पूछताछ के लिए युवक को साथ ले गई। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह दीनू नामक व्यक्ति के कहने पर एक पार्टी के पक्ष में वोट डालने आया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। हालांकि संवाद वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वार्ड नंबर-4 में फर्जी वोटिंग को लेकर विवाद हुआ। कुछ लोगों ने एक महिला को घेर लिया और आरोप लगाया कि वह सुबह से चार बार मतदान कर चुकी है। लोगों का कहना था कि महिला हर बार कपड़े बदलकर मतदान केंद्र पर पहुंच रही थी। उसकी उंगली पर स्याही का निशान भी नहीं दिखाई दे रहा था।
आरोपों के बाद मतदान केंद्र पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर डीएसपी पवन मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करवाया। वार्ड नंबर 30 में भी फर्जी वोटिंग को लेकर हंगामा हुआ।
राव तुलाराम स्टेडियम स्थित मतदान केंद्र पर फर्जी वोटिंग के आरोपों को लेकर हंगामा हुआ। यह मतदान केंद्र पहले सज्जन कॉलोनी में था, जिसे उत्तम नगर के लोगों की मांग पर यहां शिफ्ट किया गया था। इसी बूथ पर एक ही पते पर 347 फर्जी वोट बनाए जाने के आरोप पहले भी लग चुके थे।
-
विपक्ष पर पैसे बांटने का लगाया आरोप
धारूहेड़ा नगर पालिका की चेयरपर्सन पद की कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी राज ने विपक्ष पर पैसे बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को एक-एक हजार रुपये बांटे गए और प्रशासन की मिलीभगत से चुनाव में धांधली की जा रही है। डॉ. रजवंत डहीनवाल ने चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदान केंद्रों पर सरकारी प्रबंध पूरी तरह अव्यवस्थित नजर आया। उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर पहले भी शिकायत भेजी गई थी लेकिन उस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। चुनाव के दौरान हुए इन विवादों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फर्जी वोट डालने के आरोप में पकड़ा गया युवक। स्रोत : वीडियो ग्रैब