बावल। बावल औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी में काम करने वाले श्रमिक का दूसरे प्लांट में जाते समय चार युवकों ने अपहरण कर लिया। आरोपियों ने इस दौरान उसके साथ जमकर मारपीट की। बदमाशों ने श्रमिक के पैर में आग लगा दी और इतनी बुरी तरह से मारा कि उनका एक हाथ तक काटना पड़ गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के अलवर जिले के गांव चतरपुरा निवासी राजेंद्र ने बताया कि वह बावल औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्टरी में हेल्पर का काम करता है। 10 सितंबर की रात करीब दस बजे वह दूसरे प्लांट में जा रहा था। इसी दौरान वहां काम करने वाले चार अन्य श्रमिकों ने उसे जाने से रोका, लेकिन वह अकेले ही वहां से चला गया। रास्ते में अचानक एक सफेद रंग की कार वहां पहुंची और चार युवकों ने उसे जबरदस्ती कार में डाल लिया। चारों आरोपियों में एक युवक गांव कुलताजपुर निवासी संदेश भी था। राजेंद्र ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके सिर में चोट मारी, जिसके बाद वह बेहोश हो गया। आरोपियों ने बेहोशी की हालत में उनके साथ जमकर मारपीट की और उसे खेतों में फेंक कर फरार हो गए। देर रात होश आने पर उसने पानी के लिए आवाज लगाई, तो एक अनजान व्यक्ति वहां पहुंचा तथा एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल में पहुंचाया। आरोपियों ने उनका एक पैर भी जला दिया था। जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने गुरुग्राम के लिए रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उनका एक हाथ काट दिया। सूचना के बाद पुलिस भी गुरुग्राम स्थित अस्पताल पहुंची और राजेंद्र का बयान दर्ज किया। कसौला थाना पुलिस ने राजेंद्र की शिकायत पर संदेश व तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ अपहरण सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।