संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। सेक्टर-18 स्थित प्रथम महिला शिक्षिका माता सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय कन्या महाविद्यालय ने राज्यस्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में दो पुरस्कार प्राप्त किया है। रेवाड़ी महेंद्रगढ़ जोन के तहत हुए विज्ञान प्रदर्शनी में महाविद्यालय के सात विभागों के मॉडल को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ था, जिन्हें राजकीय महाविद्यालय करनाल में आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में भेजा गया था।
इनमें से फिजिक्स के मॉडल को राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। महाविद्यालय की बीएससी फाइनल ईयर की छात्राओं खुशबू यादव व मनीषा यादव ने 5जी नेटवर्किंग पर अपना मॉडल तैयार किया था, जिसे राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय की बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा पारुल को केमिस्ट्री के मॉडल के लिए सर्वश्रेष्ठ वक्ता का अवार्ड दिया गया है। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय प्राचार्या डॉ. ज्योति यादव ने छात्राओं को सम्मानित किया तथा भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।