रेवाड़ी। गांव करावरा मानकपुर निवासी प्रजापति समाज ने अपने ही समाज के कुछ लोगों पर मिट्टी के बर्तन पकाने के स्थान पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में एसडीएम को ज्ञापन देकर शिकायत दी है।
प्रजापति समाज के लोग कच्चे मटके लेकर जिला सचिवालय पहुंचे। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि कोरोना की मार झेलने के साथ ही उन्हें मटके पकाने के लिए दी गई जमीन पर भी कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। इसके चलते काम पूरी तरह से ठप हो गया है। लोगों ने बताया कि प्रजापति समाज के लिए चकबंदी के समय मिट्टी के बर्तन पकाने के लिए जगह आवंटित की गई थी। इस जगह पर समाज के ही कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है जल्द जमीन पर से लोगों का कब्जा हटाया जाए, जिससे उनका गुजारा चला सके। एसडीएम को शिकायत देने वालों में फूलचंद, राजेंद्र, ओमप्रकाश, सतवीर, लाल सिंह, रामलाल, नीमा, कमलेश, कांता, सुनीता, विमला, मुकेश कुमार, संतरा देवी, माया व कमलेश आदि मौजूद रहे।