रेवाड़ी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में ऑल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन व स्कीम वर्कर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से एक सभा की गई। इसमें जिलाभर से काफी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। सभा की अध्यक्षता महिला नेत्री कृष्ण यादव ने की।
सभा को जिला महिला सांस्कृतिक संगठन की नेत्री सुमन देवी ने सम्बोधित करते हुए महिला दिवस के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 8 मार्च 1908 को न्यूयॉर्क अमेरिका में हजारों श्रमिक महिलाओं ने आन्दोलन करके समान काम का समान वेतन, काम के आठ घंटे करने आदि मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। बाद में 1910 में कोपेनहेगन में हुए अंतरराष्ट्रीय समाजवादी सम्मेलन में विश्व विख्यात समाजवादी महिला नेत्री क्लारा जैटकीन के प्रयासों से 8 मार्च के दिन को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मान्यता मिली।
स्कीम वर्कर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की संयोजक तारा देवी ने कहा कि यह दिन महिलाओं को अपने अधिकारों को जानने और उन्हें हासिल करने के लिए संघर्ष करने की शपथ लेने का दिन है। महिला नेत्री गीता देवी ने कहा कि महिलाओं को अपनी समस्याओं को लेकर संगठित आंदोलन करने की जरूरत है। सम्मेलन की अध्यक्ष कृष्णा यादव ने उपस्थित महिलाओं का आह्वान किया कि हमें जरूरत इस व्यवस्था को बदलने की है, तभी महिलाओं को पूर्ण अधिकार हासिल होंगे। सभा को मुनेश देवी, भतेरी देवी, सोनू शर्मा आदि नेत्रियों ने भी संबोधित किया। इस दौरान अंजू, रेणू, कृष्णा, पुष्पा, राजबाला, निर्मला, पूजा, बीना, रोशनी, संतोष, गुड्डी, सावित्री, पूनम, महावती, आशा सुनीता, बबीता, मुकेश, सुनीता वर्मा आदि महिलाओं ने भाग लिया।