रेवाड़ी। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए दुकान चिह्नित की जाएगी। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राहुल मोदी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी आजीविका को सुदृढ़ किया जाए ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। समूह की महिलाओं को प्रेरित किया जाए ताकि वे लखपति दीदी बन सके।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को ऋण सुविधा व प्रशिक्षण दिया जाए ताकि वे योजनाओं का लाभ उठा सकें। अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोडवेज बस स्टैंड पर एचएसआरएलएम समूह को दुकान उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने लेबर व एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में नई कैंटीन खोलने के लिए उपयुक्त जगह का चयन किया जाए।
उन्होंने आरएसईटीआई के निदेशक को निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण उपलब्ध करवाया जाए ताकि वे कार्य करने में कुशल बन सकें। सीईओ जिला परिषद ने कहा कि सांझा बाजार व बस स्टैंड शॉप के लिए स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को सरकार के नियमानुसार चिह्नित करें।