रेवाड़ी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाएं अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। 10वीं कक्षा की परीक्षाएं संपन्न हो चुकी हैं जबकि 12वीं कक्षा की परीक्षाएं एक अप्रैल को समाप्त होंगी। परीक्षाओं के समाप्त होते ही बोर्ड प्रशासन ने उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां भी तेज कर दी हैं।
दो अप्रैल से जिले में चार मूल्यांकन केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए बोर्ड की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन केंद्रों पर पहुंचनी शुरू हो चुकी हैं और 24 मार्च के बाद शिक्षकों की ड्यूटियां भी निर्धारित की जा रही हैं ताकि मूल्यांकन प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
इस वर्ष जिले में 16 हजार विद्यार्थी 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में शामिल हुए हैं। ऐसे में परिणाम को लेकर प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है। खासकर 10वीं कक्षा के परिणाम में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान बनाए रखना और 12वीं के परिणाम में जिले को शीर्ष स्थान तक पहुंचाना लक्ष्य रखा गया है।
पिछले वर्षों के आंकड़ों को देखते हुए प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ गई है। पिछले वर्ष रेवाड़ी जिले ने 10वीं के परिणाम में पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया था जबकि 12वीं में छठे स्थान पर रहा था। अब सभी की नजरें परिणाम पर टिकी हैं जहां यह देखना दिलचस्प होगा कि जिला अपनी पिछली उपलब्धियों को दोहरा पाता है या नहीं।
वर्जन:
मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। शिक्षकों की ड्यूटियां सावधानीपूर्वक लगाई जा रही हैं और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि समयबद्ध तरीके से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो। हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी को उसका परिणाम सही और निष्पक्ष तरीके से मिले।
-विजेंद्र हुड्डा, जिला शिक्षा अधिकारी