संवाद न्यूज एजेंसी
बावल। संत कबीर कॉलोनी में उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के थाना उचाना क्षेत्र निवासी सज्जन लाल की पत्नी प्रियंका (19) ने फंदे से लटककर जान दे दी। किसी बात को लेकर उसका पति से विवाद हुआ था। उसकी चार माह पहले शादी हुई थी।
सज्जन लाल अपनी पत्नी के साथ रोजगार के सिलसिले में वे बावल पहुंचे और पिछले करीब 15 दिनों से संत कबीर कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे।
बुधवार देर शाम पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इसके बाद सज्जन लाल घर से सब्जी लेने के लिए बाजार चले गए। पति के मुताबिक इसी दौरान प्रियंका ने कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
कुछ देर बाद जब सज्जन लाल बाजार से वापस लौटे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद खिड़की से अंदर झांककर देखा तो प्रियंका फंदे पर लटकी हुई दिखाई दी। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही ईआरवी टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी बावल थाना पुलिस को दी। इसके बाद बावल थाना प्रभारी फूल कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बावल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रियंका की शादी को अभी चार माह ही हुए थे। ऐसे में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि, प्रियंका के पति ने किसी भी प्रकार के विवाद से मना किया है। सज्जन लाल ने बताया कि सब्जी लेने जाने से पहले पत्नी से कोई भी ऐसी बात नहीं हुई थी।
घटना की सूचना युवती के परिवार को दे दी गई है। बावल थाना प्रभारी फूल कुमार का कहना है कि परिजनों के बयान और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।