रेवाड़ी। रक्षाबंधन पर पत्नी के मायके जाने से नाराज जींद के वार्ड-18 सेतियान मोहल्ला निवासी सुमित ने मंगलवार की शाम शहर के गुरुटेक सोसाइटी में रहने वाले अपने ससुरालीजनों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पत्नी ज्योति के पिता सुरेंद्र सोनी, मां सुषमा और भाई दीपक सोनी को गंभीर चोटें आई हैं।
सुरेंद्र और दीपक आईसीयू में हैं। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। इसमें आरोपी ससुर पर चाकू से वार करता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गुरुटेक सोसाइटी निवासी ज्योति ने दर्ज रिपोर्ट में कहा है कि 4 अगस्त को उसका भाई दीपक उसे लेने जींद गया था। वह अपने दो बच्चों को लेकर रक्षाबंधन मनाने के लिए रेवाड़ी आ गई। 5 अगस्त को उसका पति घर आया व दरवाजा खोलते ही चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
ज्योति ने बताया कि सुमित ने पहले उस पर हमला किया। फिर उसकी भाभी और मां पर वार किए। जब पिता और भाई बचाने के लिए आए तो उनके सीने पर चाकू से कई वार किए। इससे वे लहुलूहान होकर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।
2024 को बड़े बेटे की मिल गई थी कस्टडी : ज्योति ने बताया कि बड़े बेटे की कस्टडी के लिए उसने अदालत में केस दायर किया था। मई 2024 को कोर्ट ने बेटे की कस्टडी उसे दे दी थी। वह अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। कुछ समय पहले सुमित ससुराल आया और माफी मांगने के बाद यहीं रहने लगा।
3 माह तक वह रेवाड़ी में रहा। फिर बच्चों को लेकर जींद चला गया। उसने पुलिस को शिकायत दी तो आपसी सुलह कर उसे भी जींद बुला लिया।