अनाज मंडी में इन दिनों फसल आवक का दौर तेज हो गया है। खासकर गेहूं की आवक में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है जिससे मंडी में रौनक लौट आई है। किसान बड़ी संख्या में अपनी उपज लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। वीरवार को गेहूं के कुल 184 गेट पास जारी किए गए हैं जिसके तहत करीब 6,200 क्विंटल गेहूं की आवक दर्ज की गई है।
इसके साथ ही अब तक करीब साढ़े 8 हजार क्विंटल गेहूं का उठान भी किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम अनुकूल रहने के कारण आगामी दिनों में गेहूं की आवक और तेज होने की संभावना है। मंडी में किसानों की भीड़ बढ़ने से खरीद प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है।
आढ़तियों और एजेंसियों की ओर से भी गेहूं की खरीद और उठान को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। हालांकि, मंडी में ट्रकों की संख्या बढ़ने से कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति भी बन रही है जिसे नियंत्रित करने के लिए प्रबंधन द्वारा अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं।
-
मंडी में सरसों की आवक जारी
वीरवार को सरसों के 420 गेट पास जारी किए गए हैं जिसके तहत करीब 7,200 क्विंटल सरसों मंडी में पहुंची है। इनमें से करीब 5 हजार क्विंटल सरसों का उठान किया जा चुका है। सरसों की खरीद में भी एजेंसियां सक्रिय हैं और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
-
पोर्टल रुक-रुक कर चल रहा
इस बीच पोर्टल के रुक-रुक कर चलने की समस्या किसानों और आढ़तियों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। गेट पास बनाने और फसल की एंट्री करने में तकनीकी दिक्कतों के चलते कई बार प्रक्रिया धीमी हो जाती है जिससे किसानों को मंडी में अधिक समय तक इंतजार करना पड़ता है। मंडी प्रशासन का कहना है कि पोर्टल से जुड़ी समस्याओं को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है और जल्द ही इसे ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है।
-
खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी : डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि रबी सीजन के तहत सरसों व गेहूं की खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। अब तक कुल 32107 मीट्रिक टन गेहूं की आवक और 17239 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। इसमें से 9627.55 मीट्रिक टन गेहूं की लिफ्टिंग पूरी हो चुकी है और शेष लिफ्टिंग के कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। डीसी ने कहा कि मंडियों में गेहूं के उठान कार्य में किसी भी तरह की ढिलाई न बरते और प्रक्रिया तेजी से संचालित की जाए।