संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने जोधपुर और गोरखपुर के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन रेवाड़ी होकर संचालित होगी। दोनों दिशाों में ट्रेन के नौ-नौ फेरे होंगे। इससे राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
जोधपुर-गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल 1 अक्तूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को जोधपुर से चलेगी। वहीं, गोरखपुर-जोधपुर साप्ताहिक स्पेशल 2 अक्तूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी। जोधपुर से ट्रेन शाम सवा 4 बजे रवाना होकर अगले दिन रात साढ़े 8 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। रेवाड़ी स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव तड़के ढाई बजे से 2 बजकर 40 मिनट तक रहेगा।
वापसी में गोरखपुर से ट्रेन रात 11 बजकर 25 मिनट पर रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5:30 बजे जोधपुर पहुंचेगी। रेवाड़ी स्टेशन पर वापसी के दौरान ट्रेन शाम 4 बजकर 50 से 5 बजे तक रुकेगी।
स्पेशल ट्रेन में कुल 20 डिब्बे होंगे। इनमें दो सेकंड एसी, चार थर्ड एसी, आठ द्वितीय शयनयान, चार साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बे शामिल होंगे।
ट्रेन मार्ग में मेडता रोड, डेगाना, छोटी खाटू, डीडवाना, लाडनूं, सुजानगढ़, रतनगढ़, चूरू, सादुलपुर, लोहारू, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, दिल्ली कैंट, दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा और बस्ती स्टेशनों पर ठहराव करेगी। रेलवे के इस निर्णय से त्योहारी सीजन में इन शहरों के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवा उपलब्ध होगी।