नंदरामपुर बास मार्ग पर जलभराव, पानी से होकर गुजरने को मजबूर कांवड़िए
धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ धारूहेड़ा नगर पालिका क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर जलभराव के चलते कांवड़ियों को परेशानी हो रही है। भगत सिंह चौक से नंदरामपुर बास की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर लंबे समय से पानी जमा है। बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है। इसी जलभराव के बीच से कांवड़ियों को पैदल गुजरना पड़ रहा है।
सड़क पर जमा पानी केवल बारिश का नहीं है, बल्कि नालों के ओवरफ्लो होने के कारण भी यहां लगातार पानी जमा रहता है। लोगों का कहना है कि जलभराव की समस्या पिछले कई महीनों से बनी हुई है। इसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। कांवड़ यात्रा के दौरान पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह मार्ग और मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जलभराव और पानी निकासी की समस्या को लेकर नगर पालिका तथा जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायत दी जा चुकी है। इसके बावजूद स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि महीनों से शिकायत करने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
अरुण, संदीप, ओमप्रकाश, देवेंद्र और होशियार सहित अन्य स्थानीय लोगों ने कहा कि कांवड़ियों की परेशानी को देखते हुए प्रशासन को तत्काल कदम उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्ग पर पानी जमा होने से लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।