कोसली। कोसली गांव में स्थित बाबा मुक्तेश्वर पुरी आदर्श सोसाइटी का प्रशासक नियुक्त किए जाने पर सोसाइटी के सदस्यों ने विरोध किया। विरोध बढ़ता देख पुलिस बल बुलाना पड़ा, उसके बाद माहौल शांत हुआ। जानकारी के अनुसार लंबे समय से बाबा मुक्तेश्वर पुरी आदर्श सोसाइटी और कुछ ग्रामीणों में विवाद चल रहा है। जिस कारण रजिस्ट्रार की ओर से यहां प्रशासक नियुक्त कर दिया गया था।
प्रशासक दिनेश कुमार का कहना है कि वह वीरवार को बाबा मुक्तेश्वर पुरी आदर्श सोसाइटी के प्रधान से इस मामले में बातचीत के लिए आए थे। जैैसे ही वह आए तो कुछ लोग उनके साथ गलत भाषा से बात करने लगे। उन्हें काफी बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने तो पुलिस बुलानी पड़ी। प्रशासक नियुक्त किए गए सेवानिवृत्त कार्यकारी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि वह गांव में इसलिए आए थे कि मामले को सुलझा लिया जाए। लेकिन कुछ लोग बार बार मठ को बीच में लाने से विवाद नहीं सुलझ रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि सोसाइटी के खाते में मठ का एक चैक लगाया गया था जिसकी बैंक में जांच की जा रही है। दूसरी तरफ शिकायतकर्ता होशियार सिंह नम्बरदार का कहना है कि सोसाइटी रजिस्ट्रार ने प्रशासक नियुक्त किया है। वह अपना काम कर रहा है, लेकिन कुछ लोग उसके काम में अड़चन डाल रहे हैं।