लोगों को जागरूक करती टीम। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने बुधवार को गांव कन्होरा और कन्होरी में अभियान चलाकर ग्रामीणों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। इस दौरान ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया।
एएसआई जितेंद्र ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। युवाओं को पढ़ाई, खेल और अपने भविष्य पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों से गांव या आसपास किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव की जानकारी भी दी गई। टीम ने कहा कि अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी गई। यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करने के लिए भी जागरूक किया गया।
टीम ने नशे की बिक्री या सेवन की सूचना पुलिस को देने तथा नशे से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन 1933 पर सूचना देने की अपील की। आपात स्थिति में 112 पर सूचना देने को कहा।