रेवाड़ी। हरियाणा कौशल विकास एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से राष्ट्रीय युवा दिवस पर 12 से 26 जनवरी तक युवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न गतिविधियां, प्रतियोगिताएं और प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम चार चरणों में आयोजित होंगे।
कार्यक्रम के लिए हरियाणा कौशल विकास एवं प्रशिक्षण निदेशालय की ओर से सभी संस्थानों को निर्देश जारी किए गए हैं। गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों का पंजीकरण संस्थानों में ही किया जा रहा है।
प्रत्येक कार्यक्रम के लिए दस हजार रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, जिसमें विशेषज्ञों की सम्मान राशि, प्रतियोगिता विजेताओं के पुरस्कार और अन्य खर्च शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त मार्च में भी दो कार्यक्रम करवाए जाने हैं। इसमें एक कार्यक्रम आठ मार्च को महिला दिवस पर करवाया जाएगा।
इस दिन महिला सशक्तीकरण सहित अन्य जागरूकता कार्यक्रम करवाए जाएंगे। इसमें महिला विशेषज्ञ व सामाजिक कार्यकर्ता को आमंत्रित किया जाएगा। इसके बाद दूसरा कार्यक्रम 23 मार्च को शहीद दिवस पर होगा। इस दौरान भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव सहित अन्य शहीदों के विषय, विचारों पर भाषण प्रतियोगिता और विचार गोष्ठी करवाई जाएगी।
विभाग की ओर से प्रत्येक के लिए दस हजार रुपये का बजट जारी किया गया है। हर प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को 1100, द्वितीय को 750 और तृतीय को 500 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।
-
पहला चरण : 12 जनवरी : स्वामी विवेकानंद जयंती पर राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर सामाजिक, शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक, साहसिक, कौशल विकास, महिला सशक्तीकरण, रोजगार सृजन, राष्ट्रीय एकता और साक्षरता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विषयों पर भाषण और निबंध लेखन प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
दूसरा चरण : युवा सप्ताह (12 से 16 जनवरी): युवा सप्ताह के अंतर्गत युवाओं के सर्वांगीण विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तीसरा चरण : 23 जनवरी : नेताजी सुभाषचंद्र बोस जयंती पर उनके जीवन और विचारों पर भाषण व विचार गोष्ठी होगी।
चौथा चरण : 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस): आईटीआई परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और सांस्कृतिक व देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
वर्जन
विभाग की ओर से 12 से 26 जनवरी तक युवा दिवस पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं व गतिविधियां करवाई जाएंगी। विशेषज्ञों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा।-सुरेंद्र सिंह, प्राचार्य, राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, रेवाड़ी।