बावल। क्षेत्र से एक युवक ने सगे छोटे भाई पर पांच वर्षीय बेटे का अपहरण करने और उसे छोड़ने के बदले भतीजी की मांग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बच्चे को बरामद कर लिया है।
पीड़ित ने 1 दिसंबर को दी गई शिकायत में बताया था कि वह राजस्थान के एक गांव का निवासी है। वर्तमान में भट्ठे पर काम करता है। जब उसका छोटा बेटा स्कूल से घर नहीं लौटा तो वह घबरा गया। स्कूल पहुंचने पर शिक्षकों ने बताया कि लड़के को तो भाई ही ले गया है। पिता ने जब भाई को फोन किया तो उसने धमकी भरे लहजे में कहा कि अपनी बेटी को ले आओ और बेटे को ले जाओ। पीड़ित पिता ने बताया कि भाई इससे पहले भी उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जा चुका है। भाई की नीयत बेटी के प्रति खराब है।
सूचना मिलते ही बावल थाना पुलिस सक्रिय हुई और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बावल थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।