रेवाड़ी। ग्रीष्मावकाश के दौरान बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए रेलवे ने उधना और शकूरबस्ती के बीच दो जोड़ी स्पेशल ट्रेन के संचालन का फैसला किया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि उधना-शकूरबस्ती स्पेशल 22 मई को उधना से दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर रवाना होगी।
यह ट्रेन अगले दिन दोपहर साढ़े 12 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। वापसी में शकूरबस्ती-उधना स्पेशल 25 मई को रात 12 बजकर 50 मिनट पर शकूरबस्ती से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 2 बजकर 10 मिनट पर उधना पहुंचेगी।
यह स्पेशल ट्रेन मार्ग में वडोदरा, गोधरा, दाहोद, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, मदार और जयपुर सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहरेगी। रेलवे के अनुसार इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 22 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें 18 द्वितीय शयनयान, 2 सामान्य श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बे शामिल होंगे।
रेलवे द्वारा शुरू की जा रही दूसरी विशेष ट्रेन उधना-शकूरबस्ती स्पेशल होगी। यह ट्रेन 22 मई को उधना से दोपहर 1 बजकर 55 मिनट पर रवाना होकर अगले दिन सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर शकूरबस्ती पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी शकूरबस्ती-उधना स्पेशल 24 मई रविवार को रात साढ़े 11 बजे शकूरबस्ती से रवाना होगी और अगले दिन रात 9 बजे उधना पहुंचेगी।
ट्रेन भरूच, वडोदरा, अहमदाबाद, पालनपुर, आबूरोड, अजमेर और रेवाड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस ट्रेन में भी कुल 22 डिब्बों की व्यवस्था की गई है, जिनमें 18 द्वितीय शयनयान, 2 सामान्य श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बे शामिल रहेंगे।