पिता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार दोनों बेटे
- फोटो : अमर उजाला
गांव संगवाड़ी निवासी लाल सिंह की हत्याकांड में बेटे ही हत्यारे निकले। दोनों बेटों रोहित और मोहित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बेटों ने हत्या इसलिए कर दी कि कहीं पिता उन्हें जायदाद से बेदखल न कर दे। गिरफ्तार किए गए एक अन्य आरोपी की पहचान यूपी के जिला मथुरा के गांव मनोहरपुर हाल किरायेदार गांव बनीपुर निवासी पवन कुशवाह के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी मोहित ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते उसने अपने भाई रोहित व अपने साथी पवन कुशवाह के साथ मिलकर लोहे की मूसली से वार करके अपने पिता लाल सिंह की हत्या की थी।
हत्या के बाद दोनों भाई शव को बाइक पर रखकर कालाका नहर के पास डाल आए थे। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में तीसरा आरोपी रोहित थाना कसौला में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में पहले से ही न्यायिक हिरासत में है, जिसे जल्द ही पुलिस द्वारा प्रोडक्शन वारंट पर लेकर जांच में शामिल किया जाएगा।
रोहित से बरामद हुआ था हथियार
दो जून को क्राइम ब्रांच की टीम ने दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित गांव आसलवास फ्लाइओवर के समीप रोहित को देशी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपने पिता की हत्या का राज उगल दिया। रोहित से मिली जानकारी के बाद मोहित और पवन कुशवाह को गिरफ्तार किया गया है।