संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। विधानसभा चुनाव को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो तस्करों को 73 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। इसकी कीमत 2.92 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जिला महेंद्रगढ़ के गांव थनवास निवासी राजा और चरखी दादरी के गांव भांडावा निवासी मनोज के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। यहां से आरोपी राजा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया जबकि पुलिस ने मनोज को पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया है। अपराध शाखा-1 के निरीक्षक सुमेर सिंह ने बताया कि 27 सितंबर को पुलिस ने खोल थाने में दर्ज आबकारी अधिनियम के एक पुराने मामले में वांछित आरोपी हिसार के गांव सिंघना राघो निवासी अनिल को काबू किया था। पूछताछ में आरोपी अनिल ने बताया था कि वह मनोज निवासी गांव भांडवा जिला चरखी दादरी के साथ चिड़ावा से कैंटर गाड़ी में 230 पेटी शराब लेकर चला था। यह शराब महेश व मुकेश ने चिड़ावा से भरवाई थी। शराब को महेश व मुकेश ने रोहित सुअर फार्म गांव गादला में फार्म के मालिक रोहित की उपस्थिति में उतरवाया था। मनोज अभी भी फार्म पर ही है। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दो आरोपियों को काबू करके उनसे नाम पता पूछा तो उन्होंने अपना नाम मनोज व राजा बताया।