रेवाड़ी। जिले के गांव गादला में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में दोनों ही पक्षों के करीब सात लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मामला छह मई का है और पुलिस ने शनिवार को मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव गादला निवासी सुनील कुमार ने कहा कि उनका गांव निवासी अतर सिंह के साथ भूमि को लेकर विवाद चल रहा है और मामला अदालत में विचाराधीन है। छह मई को वह अपने भाई सुरेंद्र व पिता शीशपाल के साथ प्लाट में बैठे हुए थे। इसी दौरान गांव निवासी अतर सिंह, उसका बेटा पवनजीत, मंजीत, पत्नी संतोष, पुत्रवधू मंजू व सोनम आदि कुल्हाड़ी, राड व डंडे लेकर पहुंचे और उन पर हमला बोल दिया। मारपीट में वह तीनों घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तीनों को आरोपियों से बचाया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। परिजनों ने तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। दूसरी ओर गांव गादला निवासी पवनजीत ने कहा कि छह मई की शाम को वह घर पर अपनी पत्नी के साथ थे। इसी दौरान गांव निवासी सुरेंद्र, शीशपाल, सुनील, सपना व कविता ट्रैक्टर लेकर घर पहुंच गए। सुरेंद्र ने उसे ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया, लेकिन वह बचकर कमरे में घुस गए।
आरोपियों ने लाठी-डंडों से पति-पत्नी पर हमला कर दिया। उनकी मां संतोष व भाई मंजीत बीच-बचाव के लिए आए तो उनके साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। आरोपी सुरेंद्र पुलिस में कार्यरत हैं। सुरेंद्र ने उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की भी धमकी देता है। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। परिजनों ने तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना के बाद रोहड़ाई थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।