संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। माॅडल टाउन थाना पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी लूट की एक बाइक के साथ के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोहल्ला कुतुबपुर रेवाड़ी निवासी मयंक व मोहल्ला गुलाबी बाग रेवाड़ी निवासी दीपक उर्फ मोंटी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 13 अप्रैल की रात राइडर नं 2 पर तैनात पुलिसकर्मियों ने आंबेडकर चौक रेवाड़ी के पास एक बाइक को रुकवाकर जांच की तो चालक ने अपना नाम मयंक निवासी मोहल्ला कुतुबपुर रेवाड़ी बताया। पुलिस ने बाइक की इंजन व चेचिस नंबर से जांच की तो उसके चेसिस नंबर गायब मिले। बाइक की नंबर प्लेट पर लिखे गए नंबर एक अन्य बाइक के पाए गए।
बाइक चालक से बाइक के कागजात दिखाने को कहा, तो वह कोई भी कागजात नहीं दिखा सका। पुलिस द्वारा बाइक के इंजन नंबर की जांच करने पर पता चला कि उपरोक्त बाइक फरवरी माह में कसौला थाना क्षेत्र से लूट गई थी।
पुलिस ने चालक मयंक से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि यह बाइक गुलाबी बाग रेवाड़ी निवासी दीपक उर्फ मोन्टी ने उसे चलाने के लिए दी थी। उसने दीपक उर्फ मोन्टी के साथ मिलकर बाइक की पहचान छुपाने के लिए चेसिस नंबर को घिस कर गायब दिया और बाइक की नंबर प्लेट बदल दी थी। थाना माडल टाउन पुलिस ने लूट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त दोनों आरोपी मोहल्ला कुतुबपुर रेवाड़ी निवासी मयंक व मोहल्ला गुलाबी बाग रेवाड़ी निवासी दीपक उर्फ मोंटी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी हुई बाइक को भी बरामद कर लिया है। पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी दीपक उर्फ मोंटी ने बताया कि उसने यह बाइक अपने साथी मनीष के साथ मिलकर गत 20 फरवरी की रात को दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर आसलवास पुल के पास एक व्यक्ति से लूटी थी। जो इस मामले में पुलिस ने गांव लोधाना निवासी अमित कुमार की शिकायत पर थाना कसौला में लूट का मामला दर्ज किया हुआ है।