संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। तल्ख धूप के साथ गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दोपहर में गर्म हवा भी चलने लगी है। ऐसे में बचाव के लिए लोग गमछा और टोपी से सिर ढंककर या छाता लेकर निकल रहे हैं। मौसम विज्ञानी के अनुसार भविष्य में गर्मी में और इजाफा हो सकता है।
दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी का असर होने से लोगों की दिनचर्या भी बदल गई है। तेज गर्मी में उमस व पसीने की चिपचिपाहट से लोग बेहाल हो रहे हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान व न्यूनतम तापमान में ढाई डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। दिन में गर्म हवाएं भी चलने लगी हैं। इससे लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो रहे हैं। मौसम दिनों-दिन गर्म हो रहा है। दोपहर में लोग छाता लेकर या सिर ढंक कर निकल रहे हैं। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन का कहना है कि आने वाले दिनों में तेज धूप खिलने से तापमान बढ़ने के आसार हैं, जिससे उमस भरी गर्मी का सामना लोगों को करना पड़ सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री पार कर जाएगा और तेज गति से गर्म हवाएं भी चलेंगी।
गर्मी बढ़ने के साथ ही स्थानीय बाजारों में शीतल पेय पदार्थ गन्ने का रस, बेल का शरबत, नींबू पानी, आम का जूस आदि की मांग बढ़ गई है। यही वजह है कि स्थानीय बाजार में इन पेय पदार्थो की दुकानें सज गई हैं और लोग खुद को गर्मी से राहत देने के लिए इसका सेवन भी कर रहे हैं। वहीं कोल्ड ड्रिंक की बिक्री भी खूब बढ़ गई हैं।
वर्जन
तेज धूप में सिर ढंककर ही घर से निकलें। बार-बार पानी पीते रहें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। गर्मी के दिनों में हीट-स्ट्रोक, बुखार, डायरिया, डायरिया आदि का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में सतर्कता बरतनी चाहिए।
-डॉ. गौरव, फिजिशियन नागरिक अस्पताल