संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। पुलिस ने मादक पदार्थ उपलब्ध कराने के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा-3 कोसली पुलिस ने मादक पदार्थ उपलब्ध कराने के मामले में एक आरोपी गांव गोकलगढ़ निवासी महेश को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरे मामले में आरोपी गांव माढिया खुर्द निवासी विकास उर्फ चीकू को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी हत्या के मामले में भी वांछित और 5 हजार का इनामी है।
अपराध शाखा 3 कोसली के जांच अधिकारी पीएसआई अनिल कुमार ने बताया कि 6 जुलाई को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मोहल्ला कृष्णा नगर से आरोपी दक्ष को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.23 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद किया था। आरोपी दक्ष ने बताया था कि उसे मादक पदार्थ गांव गोकलगढ़ निवासी मनेंद्र उर्फ सिम्पी उपलब्ध करवाता था। पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी दक्ष, मनेंद्र उर्फ सिम्पी को पहले गिरफ्तार किया था। इस मामले में अब गांव गोकलगढ़ निवासी महेश को गिरफ्तार किया गया। महेश के खिलाफ थाना सदर रेवाड़ी में हत्या, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास व एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज हैं।
वहीं पुलिस ने मादक पदार्थ उपलब्ध कराने के दूसरे मामले में गांव माढिया खुर्द निवासी विकास उर्फ चीकू को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक आरोपी पहले पकड़ा जा चुका है। आरोपी विकास उर्फ चीकू गांव गाजी गोपालपुर निवासी गोवर्धन की हत्या के मामले में फरार चल रहा था। इस मामले में वह 5 हजार का इनामी है। जांच अधिकारी एसआई विक्रम सिंह ने बताया कि 3 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर गांव बोड़िया कमालपुर अड्डे पर छापा मारकर नाबालिग को 5.82 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा था। नाबालिग ने बताया था कि उसे स्मैक गांव बालावास अहीर निवासी संदीप व गांव बोड़िया कमालपुर निवासी प्रदीप ने दिया है। पुलिस ने संदीप व प्रदीप को गिरफ्तार किया था। अब गांव माढिया खुर्द निवासी विकास उर्फ चीकू को गिरफ्तार किया है। विकास उर्फ चीकू के खिलाफ थाना शहर, सदर, रामपुरा, खोल व जाटूसाना में मारपीट, हत्या, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास व एनडीपीएस के 16 मामले दर्ज हैं।